हर हर महादेव और बम-बम भोलों के जयघोषों के साथ सोमवार शहर गुंजायमान हो उठा। घंटे और घड़ियालों की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। मौका था सोमवार अलसुबह शहर के मंदिरों का। शहर का कोई ऐसा मंदिर नहीं था, जहां हर-हर महादेव और जय भोले के उद्घोष ना सुनाई दे रहे हों। अलसुबह चार बजे श्रद्धालु मंदिरों की ओर जाते दिखे। मंदिरों में शिवलिंग पर जलाभिषेक को लाइनें लग गई।
कांवड़ियों के दिखे दर्जनों रंग
शिवरात्रि पर शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए मंदिरों में पहुंचे कांवड़ियों के दर्जनों रंग देखने को मिले। इस बार कांवड़ यात्रा पर देशभक्ति का रंग भी खूब चढ़ा है। कई नौजवानों ने अपनी कांवड़ में तिरंगे झंडे को भी लगाया था। इतना ही नहीं, वे धार्मिक गीतों के साथ साथ देशभक्ति के गानों पर भी नाचते मंदिरों की ओर आए। स्थानीय दुर्गा मंदिर में तिरंगे को कांवड़ पर सजाकर लाए विक्की और बंटी ने बताया कि देश के प्रति अपनी देशभक्ति को जाहिर करने के लिए कांवड़ पर तिरंगा झंडा लहराने की सोची थी। उन्होंने बताया कि तिरंगे के सम्मान के लिए उन्होंने पूरे सफर में कहीं भी कांवड़ को जमीन पर नहीं लगने दिया। दूसरी ओर स्थानीय शक्तिनगर निवासी अनूप कुमार भी अपनी बाइक कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा तिरंगा झंडा साथ लेकर शहर में दाखिल हुए। उन्होंने कहा कि लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए ही तिरंगे के साथ कांवड़ यात्रा करने की ठानी थी। इसी तरह दुर्गा मंदिर में एक विशेष प्रकार की हंस आकृति वाली कांवड़ भी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
सोमवार सुबह चार बजे ही श्रद्धालु नहा-धोकर मंदिरों में पहुंचे जहां पर दूध, घी, दही, शहद, बेलपत्र, आकधतूरा और अनेक प्रकार के फलों से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि के योग को मिलाएं तो ये महाशिवरात्रि का पवित्र संयोग बना। जो भगतों के लिए काफी फलदायक माना गया है। इसी के चलते आज अन्य दिनों के मुकाबले अधिक भीड़ थी। आसपास के गांव भोड़ियाखेड़ा, धांगड़, बनावाली, अयालकी, टोहाना, भूना, रतिया सहित सभी इलाकों में मंदिरों में शिवरात्रि का धार्मिक सत्संग और प्रशाद वितरित होता रहा। नीलकंठ, गोमुख व हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों को सबसे पहले शिवलिंग पर जल चढ़ाने का समय दिया गया। बम-बम भोले के जयकारों के साथ ही कांवड़ियों ने जल चढ़ाना शुरू किया जो देर रात तक जारी रहा।
श्रद्धालु एक मंदिर से दूसरे मंदिर घूमते दिखे
फतेहाबाद के विभिन्न मंदिरों में शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के निवासी रात को घरों से निकले तो रघुनाथ मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, श्री श्याम मंदिर, प्राचीन मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर होते हुए शिवालय मंदिर व गीता भवन तक अपनी श्रद्धा अर्पित करते रहे। खासकर लोग परिवार सहित शिवरात्रि पर घूमते दिखे। अनेक मंदिरों के बाहर मेले जैसी स्टालें भी लगी हुई थी। नेशनल हाइवे पर स्थित दुर्गा मंदिर और मनकामेश्वर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस विभाग ने व्यापक प्रबंध किए हुए थे। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए महिला पुलिस और बाइक राइडर भी तैनात किए गए थे।
जाखल में भी मंदिरों में रही भीड़
जाखल । शिवरात्रि के पर्व पर मंदिरों में शिवभक्तों ने भारी श्रद्धाभाव के साथ शिवलिंग पर पूजा अर्चना कर मन्नतें मांगी। वहीं जलाभिषेक कर भगवान भोले नाथ की अर्चना की। पर्व को लेकर बच्चों, महिलाओं, युवक व युवतियों में खासा उत्साह रहा। मंदिरों में सुबह सवेरे से ही जलाभिषेक करने वालों की कतारें लगनी शुरू हो गई। पंडित भूषण शर्मा ने मंत्रोच्चारण कर पूजा की विधियों को पूरा करवाया। वहीं कांवड़ियों ने भी हरिद्वार से लाए पावन गंगागल चढ़ाया। इस मौके पर मंदिर कमेटी प्रधान भीमसेन सिंगला, हरमेश शर्मा, गगन जैन गोनी, सुनील मिंटा आदि ने भाग लिया।
85वें महारुदऊ यज्ञ की पूर्णाहुति
गोरखपुर । गोरखपुर के गुरू गोरखनाथ मंदिर में 11 दिनों से चल रहे 85वें महारुदऊ यज्ञ की पूर्णाहुति हुई। पूर्णाहुति के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया । दूर दराज से आए सभी साधुओं को भोजन और दान दक्षिणा देकर रवाना किया। देर रात्रि तक मंदिर के सत्संग भवन में सत्संग चला । भजन उपदेशक छोटू राम ने दर्शकों का मनोरंजन कराया।
सत्संग के समय हरिद्वार से आए कांवड़ियों ने भी सत्संग का लुत्फ उठाया। कांवड़ लेकर हरिद्वार से भोले के भक्त पहुंचे और मंदिर के प्रांगण में जलाभिषेक किया। पूर्णाहुति के बाद मंदिर के बाहर मेले का आयोजन किया गया। इसमें भारी संख्या में बाहर के गांवों से बच्चे, महिला व श्रद्धालु घूमते दिखाई दिये। मंदिर के महंत राजनाथ योगी ने कांवड़ियों को फल देकर मंदिर पर पहुंचने पर स्वागत कर आशीर्वाद दिया। भारी संख्या में आसपास गांव की महिलाओं ने भी जल चढ़ाया।
टोहाना में शिव जागरण में झूमे कांवड़िये
टोहाना । भाटिया नगर स्थित स्वर्गाश्रम शिवमंदिर में जागरण का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यतिथि के तौर पर नगर परिषद के प्रधान कुलदीप सिंह ने भाग लिया। वहीं विशिष्टि अतिथि के तौर पर निगरानी समिति अध्यक्ष नरेंद्र गर्ग, उपप्रधान मंजू मेहता, पार्षद कुलदीप गर्ग, पार्षद रिंकू गर्ग ने भाग लिया। जागरण का शुभारंभ मुख्यतिथि ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कांवड़ियों ने नाच-गाकर भोले का गुणगान किया।