फतेहाबाद। रोहतक के जाट कॉलेज में 25 से 27 मार्च तक आयोजित हुई हरियाणा इंटर कॉलेज बॉक्सिंग चैंपियनशिप में फतेहाबाद की बेटी निशा ने अपने मुक्कों का दम दिखाते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। गांव धांगड़ निवासी निशा रानी एमएम पीजी कॉलेज में संचालित द्रोणाचार्य बॉक्सिंग एंड फिटनेस क्लब के माध्यम से अभ्यास करते हुए क्लब के जय भगवान (अर्जुन अवॉर्डी ओलंपियन) व कोच प्रदीप कुमार के मार्ग दर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया था।
मेडल जीत कर लौटी खिलाड़ी निशा का फतेहाबाद में अभिनंदन किया गया। विजेता खिलाड़ी को ओपन जीप में सवार करके विजयी अभिनंदन यात्रा निकाली गई। यह यात्रा फतेहाबाद से लेकर गांव धांगड़ तक आयोजित की गई। इस दौरान लोगों ने खिलाड़ी व कोच पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कोच प्रदीप कुमार ने बताया कि निशा बहुत मेहनती खिलाड़ी है। उसने 51 से 54 वजन वर्ग में 5 खिलाड़ियों को चित करके गोल्ड जीता है। केवल गोल्ड मेडल जीतने तक नहीं रुकी, बल्कि उसका चयन खेलो इंडिया के लिए भी हुआ है। जिसका आयोजन 23 से 28 अप्रैल को बंगलुरू में होगा। निशा के अभिनंदन समारोह में जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप सिंह, मा. सुभाष धानियां, सुरजीत सिंह नंबरदार सोतर भट्टू, एडवोकेट अनिल कादयान, धर्मपाल बाजिया, प्रमोद कुमार, नौरंग राय, स्पोटर्स प्रधान धांगड़ राधेश्याम, राजेश लाखलान आदि ने उसका स्वागत किया।