फतेहाबाद में उम्मीदवार की फोटो लगी सामान की किट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा में नगर निकाय चुनाव 19 जून को होने जा रहे हैं। जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है पार्षद पद और चेयरमैन पद के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार भी पूरी ताकत झोंकने में लगे है। वोटरों को प्रलोभन देने का प्रयास भी शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर एक उम्मीदवार की फोटो लगी सामान की किट वायरल हुई है।
किट में सैलून का सामान है और उसके ऊपर चेयरमैन उम्मीदवार की फोटो लगी है। हालांकि चेयरमैन उम्मीदवार एडवोकेट विरेंद्र ने किसी तरह की किट बांटने से मना किया है और ये भी कहा है कि उन्हें बदनाम करने के लिए वायरल किया जा रहा है। सामान किट के ऊपर चेयरमैन प्रत्याशी की लगी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने रविवार को उन्हें नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।
वोटरों को लुभाने के लिए पार्षद वार्डो में चला रहे शाही खाना
शहर के 27 वार्डो में मतदान होना है। पार्षद पद के लिए 100 उम्मीदवार मैदान में है। पार्षद बनने के लिए उम्मीदवार भी पूरी ताकत झोंक रहे है। कई वार्डों में मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यालय उद्घाटन के नाम पर वार्डों में उम्मीदवार वोटरों को बुला रहे है और शाही खाना खिलाकर प्रलोभन दे रहे है। ये ही नहीं भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
मेरे पास इतना पैसा नहीं है कि मैं सामान बाटूंगा। अब जैसे-जैसे चुनाव उठ रहा है तो मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मेरी तरफ से सामान की कोई किट नहीं बांटी गई है। - एडवोकेट, विरेंद्र कुमार, उम्मीदवार चेयरमैन
एआरओ की तरफ से चेयरमैन उम्मीदवार एडवोकेट विरेंद्र को आचार सहिंता का उल्लंघन करने पर नोटिस जारी कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर एक किट वायरल हो रही थी, जिस पर उम्मीदवार का फोटो लगा है। नोटिस मिलते ही संबंधित को स्पष्टीकरण देना होगा।
- ऋषिकेश चौधरी, ईओ, नगर परिषद