ग्रामीण तबकों में खुले में शौच के लिए जाने वाले ग्रामीण अब सावधान हो जाएं। जिले के गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए ग्राम पंचायतें विशेष निगरानी कमेटी बनाएंगी। ये कमेटियां खुले में शौच करने वाले व्यक्ति पर नकद जुर्माना लगाएंगी। यह जुर्माना पांच सौ से 11 सौ रुपये तक होगा। इसके अलावा नियमित रूप से खुले में शौच करने वाले ग्रामीणों को बाकायदा भरी पंचायत में शर्मिंदगी झेलनी पड़ सकती है। वहीं, खुले में शौच जाने का दाग हटने पर ग्राम पंचायतों को पुरस्कार राशि देकर मालामाल किया जाएगा।
पहले चरण में जिले की 60 पंचायतें चयनित
स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस योजना के तहत जिले की 60 पंचायतें चयनित की गई हैं। हालांकि जिले की 13 पंचायतों ने खुद को खुले में शौच मुक्त पंचायत घोषित किया है। स्वच्छ भारत मिशन की टीम इन 13 गांवों सहित पूरे 60 गांवों की वेरिफिकेशन करवाएगी। जो गांव वास्तव में खुले में शौच मुक्त पाया जाएगा, उसे विशेष ग्रांट से नवाजा जाएगा। जिस गांव में अभी भी खुले में शौच की समस्या होगी, उस गांव में इस अभियान के तहत निगरानी कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी गांव में घूमकर लोगों को खुले में शौच जाने से रोकने को जागरूक करेगी। नहीं मानने वालों पर दंड लगाया जाएगा।
कमेटी में शामिल होंगी आंगनबाड़ी, आशा वर्कर
गांवों में बनाई जाने वाली निगरानी कमेटी में गांव की आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर के अलावा गांव के ही मुवज्जिज लोग शामिल होंगे ताकि ग्रामीण उनकी बातों को मान सकें। यही टीम गांव को खुले में शौचमुक्त बनाने की रूपरेखा तय करेगी और उसे अंतिम रूप देने का काम करेगी। यह कमेटी सरपंच के मार्फत जिला प्रशासन को रिपोर्ट करेंगी।
खुले में शौच मुक्त हुए तो मालामाल होंगी पंचायतें
योजना के तहत जिन पंचायतों को निगरानी कमेटी की ओर से खुले में शौच मुक्त घोषित किया जाएगा। उस पंचायत को विशेष ग्रांट के तहत एक लाख का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा जिले का जो भी खंड इस योजना के तहत खुले में शौच मुक्त होगा, उसे पांच लाख और जिले को इस योजना के तहत 20 लाख का पुरस्कार विशेष ग्रांट के तहत दिया जाएगा। बता दें कि इस संबंध में सीएम मनोहर लाल ने कई दिन पहले घोषणा की थी, जिसका नोटिफिकेशन अब जारी किया गया है।
पहले चरण में ये गांव होंगे खुले में शौच मुक्त
ब्लाक पंचायतें
भट्टकलां रामसरा
भूना कानी खेड़ा, सिंधला
फतेहाबाद अहलीसदर, भोडिय़ा खेड़ा
जाखल मुंदलिया,
रतिया खुनन, पिलछिया
टोहाना ललौदा, लालूवाल, मनघेड़ा, रसूलपुर
दूसरे चरण में ये गांव होंगे खुले में शौच मुक्त
ब्लाक पंचायतें
भट्टूकलां ढिंगसरा, गदली, सरवरपुर, शेखुपुर दड़ौली, सिरढ़ान
भूना ढाणी डूल्ट, टिब्बी, भूथनखुर्द, डूल्ट, भट्टू, ढाणी गोपाल, खासा पठाना, घोटडू
फतेहाबाद ढाणी ठोबा, मताना, ढाणी ईसर
जाखल तलवाड़ा, नत्थूवाल, उदयपुर, नरेल, तलवाड़ी, चांदपुरा, म्योंद बोगावाली
रतिया हांसपुर, दादुपुर, दादुपुर ढाणी, जलोपुर, हुक्मावाली, शेखुपुर सोतर, चंदोखुर्द, चंदोकलां, मुंशीवाली, मलवाला
टोहाना पिरथला, सेलमपुरी, हिंदलवाला, चंदोपुर, भोड़ी, ठरवा, ठरवी, हैदरवाला, चिलवाल, रहनवाली, पूर्ण माजरा, सिंबलवाला, धारसूल खुर्द, डांगरा
जिले भर के गांवों को 2016-2017 में खुले में शौच मुक्त कर दिया जाएगा। इस योजना के तहत प्रथम चरण में 13 तथा दूसरे चरण में 48 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। यहां पंचायतें अपने स्तर पर निगरानी कमेटी बनाएंगी और जांच करेंगी। पूरी पंचायत खुले में शौच मुक्त होने पर एक लाख रुपये और पूरे ब्लाक को 5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
रोहताश कुमार, जिला सलाहकार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मिशन