जाखल गांव में रविवार को एक साथ 21 कन्याओं के हाथ पीले हुए। एक ही पंडाल के नीचे हुए इस सामूहिक विवाह समारोह में सैकड़ों लोगों के हाथ उन्हें आर्शीवाद देने के लिए उठे। गांव की बाजीगर बस्ती में दशमेश वेलफेयर सोसायटी की ओर से जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं को शादी के बाद नए जीवन की शुरूआत करने का आशीर्वाद देकर विदा किया गया। तीन दिन तक चले इस समारोह में जहां अखंड पाठ का प्रकाश बिखेरा गया वहीं बैंड बाजों व ढोल की थाप ने परिवारों के लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी लोगों ने भरपूर सहयोग दिया।
सोसायटी संचालक पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर अवतार सिंह एवं उनकी पत्नी विद्या देवी सहित बाहर से आए रागी एवं टाढ़ी जत्थों ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान बारातियों के स्वागत से लेकर उनके खान पान, रहने व मनोरंजन की व्यवस्था के अलावा कन्याओं को दान स्वरूप उपहार भी भेंट किए गए। वहीं, नवविवाहित जोड़ों का रेलवे स्टेशन के नजदीक गुरुद्वारा साहिब में आनंद कारिज करवाए गए।
बारातियों के मनोरंजन को लेकर पंजाब के जाने माने कलाकार राजा मरखाई व उनकी साथी बीबा दीप किरण की जोड़ी ने अपने गीतों की धुन पर समां बांध दिया। आयोजक मेजर अवतार सिंह एवं उनकी पत्नी ने कहा कि अपनी बेटी के लिए तो सभी लोग आयोजन करते हैं लेकिन जीवन की असली परीक्षा तभी होती है जब हम किसी दूसरे के लिए कुछ करने की सोचते हैं। बेटियों की शादी करने से उनके मन को शांति मिलती है। इसके लिए सभी लोगों की ओर से दिए गए सहयोग पर उन्होंने आभार भी जताया।