सोमवार सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। सोमवार को पारा 45 डिग्री से पार चला गया। दिनभर लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसा दिया। भीषण गर्मी में स्कूलों में जाने वाले छोटे बच्चे को काफी परेशानी हो रही है। वहीं, नगर परिषद चुनाव के प्रचार में जुटे उम्मीदवारों और उनके समर्थकों का भी गर्मी ने पसीना छुड़ा दिया है। सोमवार को लोग बाहर निकलने की बजाय घरों में ही दुबके रहे।
आगे और बढ़ेगा पारा
कई दिनों से सूर्य देवता के प्रचंड रूप अख्तियार करने से तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। सुबह-सवेरे नौ बजे ही आग उगलते सूरज के चलते लू का प्रकोप शुरू हो जाता है। दोपहर होते होते लू के कारण आम जनजीवन बेबस सा नजर आता है। स्कूली बच्चे इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। खासकर स्कूल वैनों में तपती सीटों पर आना-जाना खतरे से खाली नहीं। बाजार में गर्मी के चलते ग्राहकों की बेरुखी के कारण सन्नाटा पसरा है। इस तापमान में दुकानदार से लेकर व्यापारी, मजदूर और हर वर्ग प्रभावित दिख रहा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक जाने की आशंका है।
किसानों के लिए
किसानों के लिए ये मौसम काफी परेशानी भरा है। नरमे की बिजाई अंतिम दौर में चल रही है और नहर की बारी बंदी होने से जिले के आधे एरिया में नहरें बंद हैं और उनमें पानी नहीं है। ऐसे में नरमा की बिजाई बिना नहरी पानी के नहीं हो सकती। किसान ट्यूबवेल की बजाय नहरी पानी को तवज्जो देते हैं और इससे उनकी नरमे की फसल की बढ़वार अच्छी होती है।
खराब हो सकती है धान की पौध
धान की बिजाई 15 जून से की जानी है, इसके लिए धान उत्पादक किसानों ने धान की पौध लगानी शुरू की है। इतने अधिक तापमान में समय पर पानी ना मिला या तापमान और अधिक बढ़ा तो धान की पौध के खराब होने की भी आशंका है। अगर पौध सही नहीं हुई तो धान की रोपाई में भी व्यवधान आ सकता है।
सोमवार को फतेहाबाद का अधिकतम तापमान 45 डिग्री रिकार्ड किया गया है। लू के थपेड़े अभी कई दिन और चलेंगे। मंगलवार और बुधवार को तापमान 46 डिग्री तक भी पहुंचने की आशंका है।
डॉ. राज सिंह, मौसम वैज्ञानिक, एचएयू हिसार