होली के उल्लास के बीच जिला मुख्यालय के नागरिक अस्पताल में भी नए रंग भरने की तैयारी है। अस्पताल के बेडों पर अब प्रतिदिन सफेद रंग की चादरों की जगह साफ-सुथरी अलग-अलग रंगों की चादरें बिछी नजर आएंगी। बेड पर बिछाई जाने वाली चादरों की धुलाई और सफाई को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम उठाया है।
इस पहल पर स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने काम शुरू कर दिया है। प्रदेश के जिला अस्पतालों से डिमांड बनाकर हरियाणा मेडिकल सर्विस कार्पोरेशन लिमिटेड पंचकूला को भेजी गई है। इस संबंध में डायरेक्टर जनरल हेल्थ सर्विस हरियाणा ने प्रदेश के सभी सिविल सर्जन को निर्देश जारी कर दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में शिकायतें आ रही थी कि इमरजेंसी, जच्चा-बच्चा और जनरल वार्डों में बेड पर बिछाई जाने वाली चादरों को प्रतिदिन बदला नहीं जाता है। इसके अलावा साफ-सफाई की तरफ भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सातों दिन अलग-अलग रंगों की चादरें अस्पतालों में देने की घोषणा की थी। इस पर अब अमल शुरू हो गया है।
मंगलवार को जारी निर्देश के अनुसार प्रदेश के सभी सिविल सर्जन को बताया गया है कि जिला मुख्यालयों के नागरिक अस्पताल में सोमवार से लेकर रविवार तक अलग-अलग रंग की बेड शीट बिछेंगी। विभाग के अनुसार सातों दिनों के लिए बैंगनी, नील, नीला, हरा, पीला, संतरी तथा लाल रंग चुना गया है। प्रतिदिन एक रंग की चादर बिछाई जाएगी और दूसरे दिन अलग रंग की बेड शीट बिछेगी। बेड शीट तैयार होने के बाद इन्हें वेयर हाउस से सिविल अस्पतालों में भेजा जाएगा।
सफेद चादरें होंगी ट्रांसफर
सात अलग-अलग रंगों की बेड शीट को फिलहाल जिला मुख्यालय के नागरिक अस्पतालों में शुरू किया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर नागरिक अस्पतालों में बिछाई जाने वाली सफेद चादरों को उप जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी पर भेजा जाएगा।
अस्पताल में प्रतिदिन अलग-अलग रंग की बेड शीट बिछेगी। विभाग की तरफ से अलग-अलग रंग भी बताए गए हैं, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि कब से शुरू होगा।
डॉ. अशोक चौधरी, सिविल सर्जन फतेहाबाद