टोहाना। भारतीय किसान यूनियन एकता (उग्राहा) के बैनर तले पंजाब और हरियाणा के सैकड़ों किसानों ने मंगलवार को टोहाना के लघु सचिवालय में धरना दिया। यूनियन द्वारा टोहाना की एक फर्म द्वारा किसानों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के विरोध में यह धरना-प्रदर्शन किया गया। यूनियन ने रेल रोकने व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली का घेराव करने का ऐलान किया तो पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। जिले के तीन डीएसपी के साथ सात एसएचओ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान डीएसपी शाकिर हुसैन ने किसानों की 11 सदस्यीय कमेटी के साथ बातचीत के बाद 10 दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने पंचायत मंत्री का घेराव व रेल रोकने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। किसानों ने सुबह 9 बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक लघु सचिवालय में साढ़े छह घंटे तक धरना दिया।
पंजाब के सैकड़ों किसान बेचकर जाते थे फसल
यूनियन के हरियाणा प्रधान अमरजीत सिंह और पंजाब के राज्य उपप्रधान जनक सिंह भूटाल ने बताया कि टोहाना की हुकुमचंद फर्म के पास हरियाणा व पंजाब के सैकड़ों किसान धान व अन्य फसल बेचकर जाते थे। इसके चलते फर्म पर विश्वास हो गया। पिछले वर्ष फर्म के मालिकों के मन में बेईमानी आई तो वे किसानों द्वारा बेची गई फसल के रुपये देने की बजाय टोहाना में अपनी संपत्ति बेचकर चले गए। किसानों ने पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने फर्म मालिक हुकुमचंद व राजेश गोयल के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मगर आरोपी हुकुमचंद के भाई रमेश गोयल व बेटे कपिल गोयल को केस से बाहर कर दिया। इससे किसानों में रोष फैल गया। जिला प्रधान निर्भय सिंह ने बताया कि अनाज मंडी में फर्म हुकुम चंद के खिलाफ किसानों का धरना 5 दिसंबर से जारी है। आरोपी के बेटे कपिल व भाई रमेश की गिरफ्तारी की मांग जारी है। यदि कार्रवाई नहीं की गई तो आगे बड़ा फैसला लिया जाएगा। इस दौरान संगरूर जिला प्रधान अमरीक सिंह, मूनक से धर्मेंद्र, राज्य कार्यकारिणी सदस्य कुलदीप, सिधानी ब्लॉक प्रधान धर्मबीर व अजय सिधानी सहित कई किसान मौजूद रहे।
रेलवे पुलिस भी रही अलर्ट
टोहाना में किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला पुलिस के साथ रेलवे पुलिस भी अलर्ट पर रही। टोहाना में डीएसपी शाकिर हुसैन, डीएसपी जुगल किशोर, डीएसपी मुख्यालय सुभाष चंद्र, शहर थाना एसएचओ देवेंद्र नैन, सदर एसएचओ कपिल सिहाग, इंस्पेक्टर सुरेंद्रा, इंस्पेक्टर अरूणा, इंस्पेक्टर विक्रम जोशन, जाखल प्रभारी जयभगवान व सीआईए प्रभारी के नेतृत्व में भारी संख्या में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे। वहीं, टोहाना रेलवे स्टेशन पर डीएसपी गुरदयाल सिंह, एसएचओ हरपाल सिंह व आरपीएफ इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 50 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
अधिकारी बोले
किसानों से बातचीत करके आश्वासन दिया गया है कि उनकी मांग पर कार्रवाई की जाएगी तथा मुकदमे में नियमानुसार धारा 409 बनेगी तो उसको जोड़ा जाएगा। इसके बाद किसान धरना स्थगित करके चले गए।
-शाकिर हुसैन, डीएसपी टोहाना