जिले को कोरोना संक्रमण से मुक्त करने के लिए शुरू किए गए टीकाकरण अभियान के तहत वैक्सीन की तीसरी खेप अलॉट हो गई है। सोमवार को जिला वैक्सीन केंद्र में तीसरी खेप पहुंच जाएगी। पहली बार जिले को 10 हजार कोरोना वैक्सीन की डोज मिली है। दो हजार डोज कोविशील्ड और आठ हजार डोज कोवैक्सीन की मिली है। अहम बात यह है कि पहली बार जिले में कोवैक्सीन की डोज आएगी। हिसार से जिला वैक्सीन केंद्र की टीम अलॉट हुई डोज की सप्लाई लेकर आएंगे।
दो अलग-अलग कंपनियों की वैक्सीन अलॉट होने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता भी बढ़ गई है। जिसे पहले कोविशील्ड वैक्सीन का टीका लगा उसे दूसरी डोज उसी की देनी होगी। इसके अलावा जिसे कोवैक्सीन का टीका लगेगा उसे दूसरी डोज भी उसी का ही लगेगा। ऐसे में दोनों का अलग-अलग स्वास्थ्य विभाग को डाटा तैयार करना होगा। 14 फरवरी से स्वास्थ्य विभाग को दूसरी डोज देने का अभियान भी शुरू करना होगा। क्योंकि 28 दिन बाद दूसरी डोज दी जानी है।
जिले में अब तक पहुंची कोरोना वैक्सीन
पहली खेप - 5820
दूसरी खेप - 6000
दूसरे चरणों के पात्रों के लिए आज होगा वैक्सीनेशन डे
जिले में दूसरे चरण के पात्र यानि की फ्रंटलाइन के लिए सोमवार को वैक्सीनेशन डे मनाया जाएगा। दूसरे चरण में पुलिस, नप-नपा, राजस्व और पंचायत विभाग के कर्मचारियों का टीकाकरण हो रहा है। तीन दिन में 250 से भी कम फ्रंटलाइन का टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण का आंकड़ा बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सोमवार को अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में सेशन लगाकर वैक्सीनेशन डे मनाएगा। संबंधित विभागों के ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों को वैक्सीनेशन डे में शामिल होने के निर्देश दिए गए है। एक हजार कर्मचारियों का टीकाकरण करने का स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य निर्धारित किया है।
आयुष विभाग और 40 फीसदी आंगनबाड़ी का टीकाकरण नहीं हुआ
दो हजार स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण अभी रह गया है। 40 फीसदी आंगनबाड़ी वर्कर का टीकाकरण नहीं हुआ है। इसके अलावा आयुष कर्मचारियों का टीकाकरण नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े के मुताबिक 5578 स्वास्थ्य कर्मी पोर्टल पर पंजीकृत हैं, इसमें से 3710 का टीकाकरण हुआ है।
जिले को तीसरी खेप में कोविशील्ड और कोवैक्सीन की डोज मिली है। हिसार से टीम डोज लेकर आएगी। पहली बार 10 हजार डोज मिली है।
- बलवान सिंह, इंचार्ज जिला वैक्सीन केंद्र
फ्रंटलाइन वर्कर का ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण के लिए वैक्सीनेशन डे मनाया जाएगा। सभी केंद्रों पर टीकाकरण होगा। स्वास्थ्य कर्मी जो कि पहले चरण में शामिल है उन्हें भी टीका लगाया जाएगा।
- डॉ. सुनीता सोखी, उप सिविल सर्जन