जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। वीरवार को जिला में 19 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके बाद जिला में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 254 हो गई है। वीरवार को सबसे ज्यादा मरीज रतिया में आए है। यहां पर 16 मामले सामने आए हैं। अहम बात यह है कि वीरवार को नागरिक अस्पताल के एंबुलेंस ड्राइवर और ईएमटी समेत सात लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। अब तक 159 मरीज ठीक हो चुके हैं।
मामले के मुताबिक रतिया में बुधवार शाम को अवैध पिस्तौल के साथ पकड़ा गया हिसार के फरीदपुर निवासी युवक कोरोना संक्रमित मिला है। रिपोर्ट देर शाम को आई है, इससे पहले युवक को कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा चुका था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं रतिया शहर की शक्ति नगर के एक व्यवसायी के परिवार के 10 सदस्य संक्रमित मिले हैं। दो दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शक्ति नगर के दो चचेरे भाइयों के सैंपल लिए थे। वीरवार सुबह इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिवार व संपर्क में आए 16 लोगों के सैंपल लिए। इसमें से आठ लोग संक्रमित मिले। इसके अलावा हिजरावां कलां निवासी एक स्टाफ नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्टाफ नर्स अग्रोहा मेडिकल मे तैनात है। रतिया सीएचसी में गांव बहबलपुर निवासी युवक और वार्ड नंबर 10 निवासी 34 वर्षीय युवक का सैंपल लिया गया था, इनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। रतिया में बिहार से 26 प्रवासी मजदूरों के स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार दोपहर को सैंपल लिए, इनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। ये मजदूर गत्ता फैक्ट्री में काम करने के लिए आए थे।
चंडीगढ़ पीजीआई से आया युवक संक्रमित
टोहाना की जैन गली में चंडीगढ़ से एक सप्ताह पूर्व वापिस लौटा व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। व्यक्ति की रिर्पोट कोरोना पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने उसे फतेहाबाद के कोविड अस्पताल में भर्ती करवाया। 15 जुलाई को कार के द्वारा किसी कार्यवश चंडीगढ़ गया था और शाम को ही वापिस लौट आया था। उसे अगले दिन बुखार की शिकायत होने पर उसने घर पी ही रहकर दवा आदि ली। जब स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ तो उसने नागरिक अस्पताल में जांच करवाई। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
जाखल में मेडिकल व परचून दुकानदार संक्रमित :
जाखल मंडी में दो युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिसमें एक 25 वर्षीय युवक वार्ड नंबर 13 जिंदल रोड का निवासी है व मंडी में ही दुकान करता है। जबकि दूसरा युवक वार्ड 12 नई मंडी निवासी मेडिकल स्टोर चलाता है। दोनों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है।
35 बैंक कर्मियों के सैंपल लिए :
स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को प्राइवेट बैंक के 35 कर्मचारियों के सैंपल लिए हैं। चार दिन पहले बैंक मैनेजर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से कर्मचारी क्वारंटीन है।
जिला में कोरोना के 19 मामले आए हैं, इसमें एक आरोपी भी है, जिसे पुलिस कर्मचारी लेकर आए थे और उसका सैंपल लिया गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस संबंध में हिसार स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया गया है।
- डॉ. विष्णु मितल, जिला महामारी अधिकारी