फतेहाबाद। परिचालकों की कमी से जूझ रहे फतेहाबाद डिपो को जल्द ही 34 नए परिचालक मिल जाएंगे। इसके लिए हरियाणा रोडवेज विभाग ने मंजूरी दे दी है। फतेहाबाद रोडवेज डिपो ने भी इसके लिए विभाग के निदेशक को पत्र लिख दिया है और जल्द ही इन परिचालकों की लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
ज्ञात रहे कि फतेहाबाद डिपो में परिचालकों की कमी है। ऐसे में अब विभाग ने फतेहाबाद सहित 16 जिलों में 487 परिचालकों के पद भरने की अनुमति दी है। इनमें फतेहाबाद को भी 34 परिचालक मिलने जा रहे हैं। यह परिचालक हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जरिए भर्ती किए जाएंगे। हालांकि जिले में 125 परिचालकों की आवश्यकता है, लेकिन फिलहाल 34 परिचालक नियुक्त करने की मंजूरी विभाग को मिल गई है।
विभाग की ओर से इन परिचालकों की कार्य अवधि छह माह तक रहेगी, लेकिन विभागीय अधिकारियों का कहना है कि परिचालकों को आगे भी एक्सटेंशन दे दी जाएगी। फतेहाबाद के अलावा सिरसा डिपो में 63, हिसार में तीन, अंबाला डिपो में 32, भिवानी जिले में 28, चंडीगढ़ डिपो में 47 परिचालक नियुक्त किए जाएंगे। वहीं दिल्ली में 23, फरीदाबाद में 41, जींद में 24, कुरूक्षेत्र में 17, कैथल में 61, पंचकूला में 19, पानीपत में 16, पलवल में 30, सोनीपत में 28, यमुनानगर में 21 परिचालकों की भर्ती की जानी है। वैसे तो प्रदेश के सभी 22 जिलों के रोडवेज महाप्रबंधकों की ओर से 1190 परिचालकों की डिमांड की गई थी और फिलहाल 487 परिचालकों की मंजूरी मिली है। आने वाले समय में अन्य परिचालकों की भर्ती का अनुमान है।
परिचालकों की कमी से नहीं हो रहा बसों का परिचालन
फतेहाबाद रोडवेज के बेड़े में इस समय 22 बड़ी बसें जुड़ी हैं। इसके साथ ही 22 मिनी बसें भी मिली हैं। लेकिन परिचालकों की कमी के कारण बसों के संचालन में दिक्कत आ रही थी, जो अब नहीं रहेगी। विभाग को बसों के संचालन के लिए परिचालकों की अतिरिक्त ड्यूटी लगानी पड़ रही थी।
रोडवेज विभाग ने फतेहाबाद में कौशल रोजगार निगम के तहत 34 परिचालकों की भर्ती की अनुमति दी है। इसका एस्टीमेट बनाकर रोडवेज विभाग के निदेशक को भेज दिया गया है और जल्द ही इसकी लिस्ट विभाग की ओर से जारी कर दी जाएगी।
शेर सिंह, जीएम, रोडवेज विभाग फतेहाबाद