नोट बंदी के 34वें दिन भी कैश की समस्या जस की तस रही। पिछले 3 दिन की बैंकों की छुट्टी के बाद मंगलवार को बैंक के बाहर लगी कतारों में लोगों की भीड़ में खासा इजाफा देखा गया। अधिकतर बैंकों के एटीएम में दोपहर 2 बजे तक ताला लगा देखा गया। नेशनल हाइवे स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर कैश के लिए लाइन में खड़े अरुण कुमार, रामचंद्र आदि ने बताया कि वे लोग सुबह से लाइन में लगे हैं और पैसा लेने वालों की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। इसी तरह जमींदार सुशील व जसबीर ने बताया कि वह बैंक से 4 हजार रुपये लेकर ऐसा प्रतीत कर रहे हैं जैसे उन्होंने कोई बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली हो।
इसी तरह शहर के यूनियन बैंक के बाहर अनिल कुमार ने कहा कि 2 हजार रुपये से गुजारा करना तो मुश्किल है लेकिन वह पीएम मोदी के इस साहसिक कदम के साथ हैं। एचडीएफसी बैंक के बाहर लगे एटीएम के आगे लगी कतार जीटी रोड तक जा रही थी।
इसी तरह बैंक की लाइनों में लगे धांगड़ निवासी संदीप कुमार, माजरा के महेंद्र कुमार, दरियापुर के रणदीप और माजरा के रवींद्र सिंह आदि ने नोट बंदी को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया दी। कुछ ने कहा कि उन्हें शुरुआत में तो पीएम मोदी की नोटबंदी योजना बहुत पसंद आई लेकिन समय के बीतने और समस्याओं की स्थिति वैसे ही बनी रहने से अब उन्हें इस फैसले की निंदा करने में परहेज नहीं है। अगर 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री के फतेहाबाद आगमन पर ज्यादातर लोग बैंक कर्मियों के खिलाफ शिकायतें लेकर खड़े होंगे तो ज्यादा हैरानी नहीं होगी, क्योंकि बैंक के बाहर कतारों में लगे अधिकतर लोग बैकडोर पैसे देने के खिलाफ हैं।
एटीएम बदलकर ठगी करने का मामला आया सामने
फतेहाबाद। रतिया चुंगी स्थित एसबीआई बैंक की ब्रांच के बाहर लगे एटीएम से पैसे निकलवाने आए ढाणी दौलतपुर निवासी देवीलाल से धोखाधड़ी कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका एटीएम कार्ड बदलकर 21 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में देवीलाल ने बताया कि वह 2 नवंबर 2016 को एटीएम सेे पैसे निकलवाने आया था। वहां पर अज्ञात व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदलकर उनके अकाउंट से 21 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने देवी लाल की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बैंक से पेंशन निकालने पहुंची वृद्धा हुई हादसे का शिकार
फतेहाबाद। बैंक से पेंशन निकलवाने जा रही 70 वर्षीय वृद्धा को स्कूटी सवार युवक ने टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गई। घायल वृद्धा को राहगीरों ने उपचार हेतु नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। वृद्धा के पास मिले दस्तावेज के आधार पर उनकी पहचान कौशल्या निवासी सतीश कॉलोनी के रूप में हुई।