पिछले एक महीने से प्रधानमंत्री से लेकर जिले के सभी कर्मचारी कैशलेस को बढ़ावा देने में जुटे हैं तो फतेहाबाद के गांव भिरडाना में एक बैंक मैनेजर सरकार की इस योजना को पलीता लगाने में जुटा है। सोमवार को एक व्यक्ति जब ग्रामीण बैंक से चेकबुक लेने पहुंचा तो मैनेजर ने उससे कहा कि तेरा कौन सा करोड़ों का लेनदेन है, पहले बैंक में पैसे जमा कराओ। भिरडाना के बैंक मैनेजर की ये शिकायत लेकर उक्त ग्रामीण फतेहाबाद में लीड बैंक मैनेजर के पास पहुंचा तोे उन्होंने कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
लीड बैंक अधिकारी सीताराम सोनी को दी शिकायत में ओमप्रकाश ने बताया कि उसका भिरडाना के सर्वहरियाणा ग्रामीण बैंक में अकाउंट है, जिसमें साढ़े 1750 रुपये जमा हैं। उसने बताया कि उसकी मंडी से पेमेंट इसी खाते में जमा होनी थी और उसने आगे अपने खेत के मजदूरों को मजदूरी देनी थी। जिसके लिए वो बैंक मैनेजर गुप्ता के पास चेकबुक लेने गया तो मैनेजर ने सीधा कहा कि तेरा कौन सा करोड़ों का लेनदेन है, जो तुझे चेक चाहिए। इससे पहले बैंक में पैसे जमा करवाओ।
ओमप्रकाश ने बैंक मैनेजर पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए। एलडीएम सीताराम सोनी ने तुरंत सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक और सीनियर प्रबंधक दलबीर सिंह से बात की। दोनों उच्चाधिकारियों ने ओमप्रकाश को चेकबुक देने की स्वीकृति प्रदान की और भिरडाना में मैनेजर को हिदायत दी। एलडीएम ने आश्वासन दिया कि बैंक प्रबंधक के खिलाफ जांच की जाएगी। इस बारे में जब आरोपी बैंक मैनेजर से बात करने का प्रयास किया गया तो उनके फोन पर संपर्क नहीं हो सका।