फतेहाबाद और सिरसा की टीम द्वारा पंजाब में रेड करके भ्रूण लिंग जांच करवाने में पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद और सिरसा की टीम ने पंजाब में रेड करके गर्भ में भ्रूण लिंग जांच का अवैध धंधा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। 20 हजार रुपये लेकर गर्भ में लिंग जांच करवाने वाले बिचौलिये को पकड़ा गया है। पंजाब के जिला संगरूर के गांव छाहड़ के क्लीनिक के अंदर भ्रूण लिंग जांच का धंधा चल रहा था। हालांकि क्लीनिक संचालक मौके से फरार हो गया।
मामले के मुताबिक सिविल सर्जन सिरसा को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग गर्भवती महिलाओं के भ्रूण की लिंग जांच करवा रहे हैं। गिरोह को पकड़ने के लिए सिविल सर्जन सिरसा ने टीम का गठन किया। जिसमें फतेहाबाद सिविल सर्जन कार्यालय से भी टीम को शामिल किया गया, जिसमें डॉ. गिरीश शामिल रहे। टीम ने बिचौलिये पटियाला के तरखान माजरा निवासी सुखदेव से संपर्क किया। सुखदेव ने गर्भवती के भ्रूण लिंग जांच करवाने की एवज में 20 हजार रुपये मांगे। स्वास्थ्य विभाग ने डिकोय मरीज तैयार किया। इसके बाद सुखदेव ने लिंग जांच के लिए संगरूर बुलाया। टीम डिकोय मरीज को लेकर पहुंची। आरोपी सुखदेव ने 20 हजार रुपये ले लिए और डिकोय मरीज को मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गया। थोड़ी देर बाद लौटा तो टीम ने बिचौलिये सुखदेव को पकड़ लिया। इसके बाद सुखदेव गर्भवती महिला के लिंग जांच के स्थान पर ले गया। यहां एक मेडिकल के अंदर कमरों में क्लीनिक चलाया जा रहा था और मशीनें भी मौजूद थी। हालांकि भ्रूण लिंग जांच करने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो चुका था। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग संगरूर की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने भ्रूण लिंग जांच के लिए बिचौलिये को दिए गए 20 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।