भोडियाखेड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय में मतगणना के लिए लगाई गई मेज-कुर्सियां।
फतेहाबाद। इंतजार खत्म हुआ। जिले के 40 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मंगलवार को हो जाएगा। तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना गांव भोडियाखेड़ा स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में बनाए गए केंद्रों में शुरू होगी। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 14-14 टेबल लगाई गई हैं। टोहाना व रतिया विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 17 राउंड में जबकि फतेहाबाद हलके की 18 राउंड में होगी। रुझान सुबह 11 बजे तक ही आ जाएंगे, लेकिन मतगणना 2 बजे पूरी होगी।
मतगणना के प्रथम चरण में पोस्टल बैलेट तथा दूसरे चरण में ईवीएम के मतों की गणना होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक टेबल पर गणना सुपरवाइजर, गणना सहायक तथा माइक्रो-ऑब्जर्वर की ड्यूटी रहेगी। पांच बूथों के वीवीपैट के मतों की भी गणना की जाएगी। सोमवार को लघु सचिवालय स्थित एनआईसी के वीडियो कांफ्रेंस रूम में मतगणना पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में मतगणना में लगे कर्मचारियों की सेकेंड रेंडमाइजेशन की गई। इसमें फतेहाबाद के पर्यवेक्षक जगदीशा केजी, टोहाना के पर्यवेक्षक पप्पू, रतिया के पर्यवेक्षक अरुंधति चक्रवर्ती, डीसी मनदीप कौर सहित तीनों एसडीएम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मतगणना केंद्र पर भारी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। काउंटिंग एजेंट एवं काउंटिंग स्टाफ के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। अनधिकृत व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मतगणना के लिए किसी भी चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की ओर से नामित मतगणना एजेंट को ही प्रवेश की अनुमति होगी।