पैक्स के तहत ग्राम सभा में मौजूद सदस्य ।
रतिया। प्राथमिक कृषि सहकारी समिति में सहकारी कार्यक्रम के अंतर्गत किसान सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को सहकारिता की भूमिका, सरकारी योजनाओं तथा नेतृत्व विकास के प्रति जागरूक करना था।
सभा को संबोधित करते हुए सहायक रजिस्ट्रार जितेंद्र कौशिक ने कहा कि सहकारी संस्थाएं किसानों की आर्थिक मजबूती की रीढ़ हैं। उन्होंने किसानों को पैक्स के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं, ऋण व्यवस्था, विपणन सहयोग और अन्य सहकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसान अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं और सामूहिक रूप से आगे बढ़ सकते हैं। कार्यक्रम में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समस्याओं व सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
समिति प्रबंधक जय सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान सहकारी नियमों के तहत प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर पैक्स के चेयरमैन पूर्ण चंद पाली और वाइस चेयरमैन गुरचरण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और किसान कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। बैठक में कमेटी सदस्य सुखजीत सिंह तेलीवाड़ा, सतपाल सिंह लडवाल, सुदेश कुमार पप्पू, हरबिंदर सिंह, बलराज सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा सरपंच कुलदीप सिंह नथवान, कश्मीर सिंह चंदो कलां सहित बड़ी संख्या में अन्य किसान भी मौजूद रहे।