फतेहाबाद। किसान आंदोलन के चलते जिले में लगाए गए सभी नाकों पर शनिवार को शांति रही। फतेहाबाद के गांव अयाल्की के पास पिछले 9 दिनों से किसान पक्का मोर्चा लगाकर बैठे हैं। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के किसानों ने शनिवार को खनौरी बॉर्डर पर पुलिस रबड़ गोली से मरे शुभकरण को श्रद्धांजलि देते हुए गांव बनगांव, ढाणी ईस्सर व ढाणी फूलां में कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च की अगुवाई किसान संघर्ष समिति के जिला प्रधान राजविंद्र चहल ने की।
वहीं दूसरी ओर अयाल्की नाके पर किसान लगातार पक्का मोर्चा लगाकर डटे हैं। किसानों ने यहीं पर टेंट गाड़े हुए हैं और सुबह व शाम यहीं पर उनके लिए भोजन की व्यवस्था है। प्रशासन ने पंजाब के किसानों को फतेहाबाद सीमा में आने से रोकने के लिए अयाल्की, गांव हांसपुर, रतिया के गांव रोझांवाली, टोहाना के नेशनल हाईवे-148बी, मनियाना रोड, नेशनल हाईवे के साथ लगते रजवाहे की पटरी व इंदिरा कॉलोनी का रास्ता बंद किया हुआ है। यहां पर बीएसएफ के साथ-साथ आरएएफ की टुकड़ियों को भी तैनात किया गया है। वहीं दूसरी ओर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने 26 फरवरी को फतेहाबाद में ट्रैक्टर मार्च की घोषणा की है। समिति के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान ने बताया कि 26 फरवरी को जिला में भारी संख्या में किसान ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे।