शहर की एक गैस एजेंसी के बाहर धरने पर बैठे किसान।
रतिया। क्षेत्र में गैस सिलिंडरों की किल्लत और एजेंसी में कथित धांधली से नाराज किसानों और उपभोक्ताओं ने सोमवार को भारत गैस एजेंसी का घेराव किया। किसान संगठन पगड़ी संभाल जट्टा के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने धरना देकर एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला प्रधान ओम प्रकाश, गग्गी बादलगढ़ और जग्गी चहल ने आरोप लगाया कि 22 से 31 मार्च के बीच बुकिंग के बावजूद सिलिंडर नहीं पहुंचे, जबकि मोबाइल पर ‘डिलीवरी सफल’ का मैसेज आ गया और कई उपभोक्ताओं के बैंक खाते में बिना डिलीवरी के सब्सिडी की राशि पहुंच गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर प्रदेश भर के किसानों के साथ आंदोलन तेज किया जाएगा। एजेंसी संचालक रामनिवास ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तकनीकी खराबी के कारण मैसेज भेजे गए होंगे और स्टॉक में कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी कालाबाजारी में संलिप्त पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता देखते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को ज्ञापन स्वीकार करते हुए उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान धरना समाप्त कर लौटे लेकिन दोबारा समस्या आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।