फरीदाबाद के टोहाना में किसानों ने मांगों को लेकर बिजली निगम के एक्सईएन कार्यालय में धरना। किसानों का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती तब तक धरना जारी रहेगा।
टोहाना में मांगें पूरी न होने पर गुस्साए किसान सोमवार को बिजली निगम के एक्सईएन कार्यालय में धरना देने पहुंचे। बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए किसानों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी भी की। किसानों का आरोप है कि विभाग उनकी मांग को पूरा नहीं कर रहा है। इस वजह से उन्हें विरोध जताना पड़ रहा है। किसान नए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
विरोध जता रहे किसानों का कहना था कि नए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने के लिए उन्होंने बिजली निगम कार्यालय में सिक्योरिटी फीस जमा की थी। बावजूद कई वर्ष बीत जाने के बाद भी विभाग उन्हें कनेक्शन नहीं दे रहा है। ट्यूबवेल के नए कनेक्शन नहीं मिलने से धान के सीजन में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान यूनियन के प्रधान लाभ सिंह ने कहा कि वर्ष 2020-21, 2021-22 में नए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने के लिए किसानों से सिक्योरिटी जमा करवाई गई थी। मगर बिजली निगम की तरफ से अब तक उन्हें नए कनेक्शन जारी नहीं किए गए हैं, जिससे किसान लगातार परेशान हैं। उन्होंने कहा कि धान का सीजन चल रहा है और पानी की आवश्यकता है। ऐसे में बिजली निगम को जल्द ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने चाहिए। इसको लेकर वे चीफ इंजीनियर से भी मिल चुके हैं, लेकिन केवल आश्वासन ही मिल रहा है। इसी के चलते उन्होंने धरना शुरू किया है। यह धरना रोजाना सुबह 9 बजे से 12 बजे तक बिजली निगम कार्यालय पर तब तक दिया जाएगा, जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं होती।