फतेहाबाद। लघु सचिवालय में अपनी मांगों को लेकर किसानों का धरना जारी है। किसान खेतों में फसल का नुकसान, सिंचाई के लिए नहरी पानी की किल्लत और मुआवजे की राशि को लेकर धरना दे रहे हैं।
पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में किसानों का धरना 3 नवंबर से शुरू हुआ था। रविवार को भी धरने पर सिरसा के चोपटा, फतेहाबाद के रतिया व टोहाना के विभिन्न गांवों से किसान किसान धरने में भाग लेने पहुंचे और धरने को अपना समर्थन दिया। धरने की अध्यक्षता छबील दास जाखल ने की।
किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार की ओर से पांच एकड़ तक 15 हजार रुपये मुआवजे का प्रावधान किसानों के वास्तविक नुकसान के मुकाबले बेहद कम है।
पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान और छबील दास जाखल ने कहा कि प्रभावित किसानों को एक लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए और राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई जाए। किसानों के रोष की दूसरी बड़ी वजह नहरी पानी की आपूर्ति है। किसान नेताओं ने कहा कि महीने में केवल एक सप्ताह नहरी पानी मिलने और शेष 21 दिन नहरें बंद रहने से खेती का पूरा गणित बिगड़ रहा है।
अब गेहूं की बिजाई का समय है, ऐसे में सिंचाई के लिए कम से कम दो सप्ताह लगातार नहरों में पानी छोड़ा जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेती पहले ही मौसम की मार झेल रही है और अब पानी की अनियमित आपूर्ति किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रही है।
किसान नेताओं ने बताया कि सोमवार को शहीद करतार सिंह सराभा के शहादत दिवस पर पक्के मोर्चे पर नशा विरोधी दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ समाज में फैली अन्य बुराइयों के खिलाफ भी आवाज उठाई जाएगी।