जाखल। खेतों में धान की कटाई कर बेचने के बाद अब गेहूं का बीज व डीएपी खरीदने के लिए किसानों के पसीने छूट रहे हैं। खरीद केंद्रों पर लाइन लगनी शुरू हो गई हैं। अधिकारी पर्याप्त स्टॉक तथा डीएपी खाद न होने की बात कह रहे हैं। इससे किसानों को गेहूं बुआई के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पैक्स भी लगभग खाली है और निजी विक्रेताओं के पास भी नाममात्र ही है, क्योंकि जितना खाद पहुंच रहा है उतना साथ की साथ ही उठ रहा है। ऐसे में किसानों ने विभाग से जल्द से जल्द डीएपी खाद उपलब्ध करवाने की मांग की है। बता दें कि जाखल-चंडीगढ़ रोड पर कड़ैल चौक पर स्थित किसान बीज भंडार पर गेहूं बीज व डीएपी खाद लेने पहुंचे किसान तरसेम सिंह, जयदीप, राजेंद्र गुर्जर आदि ने बताया कि दुकानों पर जो बीज उपलब्ध है, उसमें 187 नंबर क्वालिटी उपलब्ध नहीं करवाया गया है।
किसानों ने कहा कि इस बीज की कमी से तो किसानों द्वारा जैसे-तैसे काम चला लिया जाएगा, परंतु बुवाई लिए डीएपी खाद की अति आवश्यकता है, जबकि सरकार द्वारा अभी तक कोई खाद का स्टॉक उपलब्ध नहीं करवाया गया है। ऐसे में किसानों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध करवाई जाए।
-किसान संघर्ष समिति ने दी चेतावनी
किसान संघर्ष समिति के ब्लॉक जाखल के प्रधान लाभ सिंह उदयपुर ने कहा कि इस समय किसानों को खेतों में गेहूं बुवाई के लिए डीएपी खाद की बेहद जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उन्हें खाद उपलब्ध न करवाई गई तो वह प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को विवश होंगे।
-एक सप्ताह के अंतर्गत टोहाना में खाद का रैक लगना है। जिसके तत्काल बाद किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध करवा दी जाएगी
-मुकेश कुमार, एसडीओ, कृषि विभाग, टोहाना