जाखल। बीडीपीओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण सफाई कर्मचारी। स्त्रोत : यूनियन
जाखल। ग्रामीण सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत है। जाखल स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के बाहर भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीण सफाई कर्मचारी लगातार नौवें दिन भी धरने पर डटे रहे। सफाई कर्मियों द्वारा रोष स्वरूप सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
ग्रामीण सफाई कर्मियों के प्रदर्शन को शनिवार को किसान नेता जग्गी महल और जगतार गोरा ने धरनास्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। इस दौरान किसान नेता जग्गी महल ने धरनास्थल पर संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले कई वर्षों से कच्ची नौकरी और शोषण का सामना कर रहे हैं। कर्मचारी कोई नई मांग नहीं कर रहे, बल्कि सरकार द्वारा की गई घोषणाओं और वादों को लागू करवाने के लिए ही संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सफाई कर्मियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से प्राथमिकता से सभी मांगों को पूरा करने की मांग की।