फतेहाबाद। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के चलते प्रदेश सरकार द्वारा लागू किए गए नाइट कर्फ्यू व कोरोना नियमों को लागू करवाने को लेकर एसपी सुरिंद्र भोरिया ने सभी थाना प्रभारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलेभर में पुलिस ने कोरोना नियमों की अवहेलना करने और बिना मास्क घूमने वाले लोगों पर कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे।
मंगलवार को फतेहाबाद शहर पुलिस ने बिना मास्क घूमने वालों के करीब 20 चालान किए। वहीं भट्टूकलां इलाके में भी एसएचओ की टीम ने करीब 25 चालान किए। इसके अलावा लोगों को कोरोना के नियमों के बारे में जागरूक करते हुए पुलिस ने उन्हें फेस मास्क भी वितरित किए। एसपी सुरिंद्र भोरिया ने कहा कि ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार द्वारा महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के तहत अनेक तरह के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले दो दिन पुलिस द्वारा लोगों को कोरोना नियमों के बारे में जागरूक करते हुए उनसे मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की गई थी। इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतते नजर आए। ऐसे में अब पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। सभी थाना अध्यक्षों व चौकी इंचार्ज को निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सख्ती से कोरोना निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाएं और नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई करें।
सार्वजनिक स्थानों व मुख्य चौराहों पर तैनात रहेंगी टीम
जिलेभर में पुलिस की टीमें सार्वजनिक स्थानों व मुख्य चौराहों पर तैनात रहेंगी और बिना मास्क घूमने वाले लोगों के चालान किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस टीमों द्वारा लोगों को कोरोना नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने बताया कि नए निर्देशों के तहत रात्रि 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू के दौरान आवागमन पर पूर्णतया प्रतिबंध है। स्कूल, कॉलेज, सभी प्रशिक्षण संस्थान अगले आदेशों तक पूर्ण रूप से बंद हैं। सरकारी कार्यालय में मास्क नहीं तो सेवा नहीं, नियम की सख्ती से पालना करवाई जाए। एसपी नें लोगों से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने व टीकाकरण की दोनों डोज लेने का आग्रह किया है।