फतेहाबाद। टोहाना में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बुलडोजर से की गई कार्रवाई को लेकर शनिवार शाम को व्यापारी राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला से मिले। बराला ने डीसी और एसडीएम को फोन कर दिवाली तक अतिक्रमण हटाने का अभियान नहीं चलाने का निर्देश दिया।
बराला ने अधिकारियों से कहा कि यह तालिबानी नहीं बीजेपी की सरकार है। डीएमसी को भी बताएं कि इस तरह की कार्रवाई की जगह व्यापार संगठन से बैठक करें, उन्हें समझाए। दुकानदारों के साथ तानाशाहीपूर्ण व्यवहार नहीं होगा। ऐसी कार्रवाई करने से पहले व्यापारी संगठनों के साथ मीटिंग करें। फतेहाबाद और भूना में हुई कार्रवाई के बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने डीसी डॉ. विवेक भारती और रतिया, टोहाना के एसडीएम के साथ मीटिंग के बाद दिवाली तक अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाने का एलान किया था लेकिन इसके बावजूद बुलडोजर चलने से दुकानदारों में भारी रोष है।