फतेहाबाद। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के कार्य को सुचारु और समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने के लिए बुधवार को डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. विवेक भारती की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जनगणना-2027 के तहत पूरे प्रदेश में प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अब दूसरे चरण में वास्तविक जनसंख्या गणना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जिसे जिले में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 10 जनवरी से 24 जनवरी, 2027 तक नागरिक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। 25 जनवरी, 2027 से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या से जुड़े आंकड़े एकत्रित करेंगे। एक मार्च से 5 मार्च, क गणना के आंकड़ों का अंतिम मिलान और संशोधन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य की सटीकता बनाए रखने के लिए चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया गया है। वर्तमान में 17 से 20 नवंबर तक मुख्यालय चंडीगढ़ में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण चल रहा है। इसके पश्चात 7 से 9 दिसंबर तक फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर) और प्रगणकों की ड्यूटी 14 दिसंबर से पहले सुनिश्चित कर दी जाए। इन सभी पर्यवेक्षकों और प्रगणकों का प्रशिक्षण 14 दिसंबर से 15 जनवरी, 2027 तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के तुरंत बाद प्रगणक फील्ड में घर-घर जनसंख्या की गणना का कार्य प्रारंभ करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि सुगम संचालन के लिए जिला फतेहाबाद में कुल 2437 अनुमानित गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी उपमंडल अधिकारियों, नगराधीश, चार्ज अधिकारियों और तकनीकी टीम को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा समय पर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न किया जा सके।
बैठक में एसडीएम आकाश शर्मा, राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, सीईओ जिप सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीआरओ संजय चौधरी उपस्थित रहे।