पारिवारिक टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने बुजुर्ग की हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों ने शराब पी रखी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार शाम गांव डांगरा में 70 वर्षीय हरि सिंह की ईंट से वार कर हत्या के मामले में डीएसपी उमेद सिंह ने खुलासा किया। डीएसपी ने बताया कि पारिवारिक टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में 39 वर्षीय राजकुमार ने हरि सिंह की हत्या की। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
दोनों ने पी रखी थी शराब
डीएसपी के मुताबिक घटना लोहाखेड़ा रोड स्थित नहर के पास हुई, जहां हरि सिंह और राजकुमार मौजूद थे। दोनों ने शराब पी रखी थी। पारिवारिक टिप्पणी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो झगड़े में बदल गई। गुस्से में राजकुमार ने हरि सिंह के सिर पर ईंट से बार-बार वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। उन्हें नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का करवाया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के बेटे के बयान के आधार पर पुलिस ने राजकुमार के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी को गांव डांगरा से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।