फतेहाबाद। शिक्षा विभाग इस सत्र में सरकारी स्कूलों में दाखिले को लेकर फेल हो गया है। परिवार पहचान पत्र ने विद्यार्थियों के दाखिले ही रोक दिए हैं। जिले के 57 प्राइमरी स्कूल ऐसे हैं जहां पर पहली कक्षा में एक भी दाखिला नहीं हुआ है। शिक्षा विभाग की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। 57 स्कूलों में दाखिले न होने पर जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग ने शुक्रवार को इंचार्ज की बैठक बुलाई। जिसमें जवाब मिला कि शिक्षा विभाग की गलती हम क्यों भुगते, हरियाणा से बाहर वालों का पीपीपी ही नहीं है दाखिला कहां से करें। पहले तकनीकी खामियों को दूर करवाएं, तभी दाखिले होंगे।
शिक्षा विभा की रिपोर्ट के मुताबिक प्राइमरी स्कूलों में ही 9148 दाखिले कम हुए हैं जबकि मिडिल स्कूलों में कुछ दाखिले बढ़े हैं और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में भी दाखिले कम है। 11वीं कक्षा को छोड़कर पिछले साल जिले में 1,12,743 दाखिले हुए थे जबकि इस बार 1,03,259 ही दाखिले हुए हैं। वहीं जिले के इन 57 स्कूलों में से 6 स्कूल ऐसे हैं जहां पर एक भी शिक्षक नहीं है। एमआईएस पोर्टल पर शिक्षक के पद खाली होने के कारण भी दाखिले नहीं हो पा रहे है। इसमें मुख्य तौर पर ढाका ढाणी, ढाणी चुहड़, समैन बाल्मिकी बस्ती आदि शामिल है। शिक्षा विभाग अब इन स्कूलों में एमआइएस पोर्टल पर शिक्षक ट्रांसफर करवाएगा।
दाखिले को लेकर जिले में ये है स्थिति
कक्षा सत्र 2021 सत्र 2022
पहली 10894 4057
दूसरी 10743 10341
तीसरी 10556 10238
चौथी 10900 10169
पांचवीं 11480 10620
छठी 10973 11000
सातवीं 10197 10715
आठवीं 10100 9851
नौंवी 9822 10882
दसवीं 9892 7567
बारहवीं 7186 7819
इन प्राइमरी स्कूलों की पहली कक्षा में हुआ जीरो एडमिशन
खंड भट्टूकलां : राजकीय कन्या प्राइमरी स्कूल खाबड़ाकलां, पीलीमंदोरी, प्राइमरी स्कूल ढाणी शक्तिनगर, ढाणी बनमंदोरी, ढाणी ढांड, ढाणी महताब, ढाणी मेहूवाला, ढाणी पूरबियान, खाबड़ा कलां।
खंड भूना : राजकीय प्राइमरी स्कूल भूना ढाणी कंबोज, भूथनखुर्द, बोस्ती,ब्राहम्णीखेड़ा, ढाणी बिश्नोइयान, धोलू, घोटडू, दिगोह।
खंड फतेहाबाद : राजकीय प्राइमरी स्कूल अहलीचुघ, अकांवाली, बरोटा बीजालांबा, बीसला, बोसवाल, चपलामोरी, ढाणी चुहड़, ढाणी ढाका, ढाणी भदवान, ढाणी गोमाराम, ढाणी एसआर डेलू, फतेहाबाद प्रथम, गढ़ चंदड़ी, काताखेड़ी, खुंबर, नानकसर।
खंड जाखल : राजकीय प्राइमरी स्कूल भरूथली, नरेल।
खंड रतिया : राजकीय प्राइमरी स्कूल बबनपुर, चंदोखुर्द, ढाणी भट्ठा हमजापुर, ढाणी डिग्गी, ढाणी नथवान, कलंदरगढ़, खैरपुर, निमड़ी, प्लेट ब्राह्मणवाला, रोजांवाली, सरदारेवाला, ढाणी नंगल, कंवलगढ़।
खंड टोहाना : राजकीय कन्या प्राइमरी स्कूल पारता, राजकीय प्राइमरी स्कूल समैन बाल्मिकी बस्ती, बढ़ई खेड़ा, दशमेश नगर, ढाणी इंदोछुई, पारता, पूर्णमाजरा।
कोट
पिछले सत्र में साढ़े चार वर्ष के बच्चे का दाखिला हो जाता था, अब पांच वर्ष से कम उम्र वाले बच्चे को दाखिला नहीं मिल रहा है। परिवार पहचान पत्र की अनिवार्यता जरूरी कर दी है। तकनीकी कमियां भी है जिस कारण से दाखिले नहीं हो रहे है। शिक्षा विभाग को इन कमियों को दूर करना चाहिए ताकि स्कूलों में दाखिले को बढ़ाया जा सके और कोई विद्यार्थी भी वंचित न रहे।
-सुरेंद्रपाल नैन, जिला प्रधान, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा
कोट
जिले के 57 स्कूल ऐसे हैं जहां पर पहली कक्षा में एक भी दाखिला नहीं हुआ है। स्कूल इंचार्ज को बैठक ली गई। उन्होंने तकनीकी कमी बताई है जिसे दूर किया गया है। इसके अलावा विशेषज्ञ दिए गए हैं जो कि मदद करेंगे। जल्द ही इन स्कूलों में दाखिले बढ़ाए जाएंगे।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी