ई-दिशा कार्यालय में पोर्टल धीमा होने से इंतजार में बैठे नागरिक। संवाद
फतेहाबाद। ई-दिशा केंद्र में पिछले 10 दिनों से ई-रजिस्ट्रेशन पोर्टल की तकनीकी समस्या के कारण राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। पोर्टल कभी बंद हो जाता है तो कभी बेहद धीमी गति से चलता है। इससे जमाबंदी, फर्द और जमीन की नकल लेने पहुंचे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
केंद्र में सुबह से पहुंचने वाले लोगों को दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई लोगों को बिना काम करवाए लौटना पड़ता है। जिले के दूरदराज गांवों से आने वाले किसानों और अन्य नागरिकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
राजस्व रिकॉर्ड की प्रतियां नहीं मिलने से बैंक से फसल ऋण लेने, जमीन की रजिस्ट्री करवाने और अदालत में जरूरी दस्तावेज जमा कराने जैसे काम अटक रहे हैं। लोगों को बार-बार ई-दिशा केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे उनका समय और आने-जाने का किराया भी बर्बाद हो रहा है।
बैंक में जमा करवानी थी जमाबंदी की कॉपी
गांव मानावली से आए मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें फसल ऋण लेने के लिए बैंक में जमाबंदी की कॉपी जमा करवानी थी। इसी काम के लिए वह ई-दिशा केंद्र पहुंचे थे लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण उन्हें दस्तावेज नहीं मिल सके। गांव धांगड़ के किसान कृष्ण ने बताया कि वह जमीन से संबंधित रिकॉर्ड निकलवाने आए थे लेकिन कई घंटे इंतजार करने के बाद भी उनका काम नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि बार-बार आने-जाने से समय और किराये का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ रहा है।
:: अभी बैठक में हूं, आपके माध्यम से जानकारी मिली है। जल्द इस पर संज्ञान लिया जाएगा।
- राजेश कुमार, एसडीएम, फतेहाबाद।