फतेहाबाद। जिले में वीरवार को रात होते-होते बदलाव आ गया। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से कई जगह पेड़ टूट और खंभे गिर गए। इस कारण से आवागमन बाधित होने के साथ बिजली भी गुल हो गई। जिले के कुलां, जाखल, रतिया, फतेहाबाद, भट्टू और टोहाना में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
कुलां-जाखल मुख्य मार्ग पर आंधी के कारण बिजली की तारें टूट कर सड़क पर गिर गईं। इस कारण से आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क बाधित होने से वाहन फंस गए। बारिश के चलते कई जगह जलभराव हो गया। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं कई लोगों के लिए यह परेशानी बनकर भी आई।
सुबह के समय लोगों को उमस भरी गर्मी ने परेशान किया जिससे तेज धूप और नमी के कारण वातावरण में चिपचिपाहट बनी रही। दोपहर बाद मौसम में आए बदलाव से 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चली। इसके कारण गर्मी से कुछ राहत महसूस की गई, लेकिन धूल भरी हवा के चलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
वीरवार को जिले के अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने के बाद अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में 46 फीसदी नमी होने के कारण दिनभर उमस भरी गर्मी का असर बना रहा, लेकिन शाम के समय आसमान में हल्की बादलवाही छाने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो गया।
:: प्रदेश में मौसम 14 जून तक परिवर्तनशील से व बीच-बीच में आंशिक बादलवाही तथा हवाओं की दिशा में बदलाव के आसार है। जिसके आंशिक प्रभाव से 11 जून रात्रि से 13 जून के दौरान प्रदेश में ज्यादातर क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने व कहीं-कहीं हल्की बारिश व तेज बारिश के आसार हैं।
- डॉ. मदन खिचड़, विभागाध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।
फतेहाबाद शहर के सिरसा-हिसार रोड से गुजरते वाहन चालक। संवाद
फतेहाबाद शहर के सिरसा-हिसार रोड से गुजरते वाहन चालक। संवाद