नागरिक अस्पताल में मरीजों की जांच करते नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक। संवाद
फतेहाबाद। जिले में पिछले कई दिनों से चल रही तेज हवाओं के साथ उड़ रही धूल लोगों की आंखों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। नागरिक अस्पताल और निजी नेत्र विशेषज्ञों की ओपीडी में आंखों में एलर्जी, खुजली, जलन और लालिमा की शिकायत लेकर मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन लगभग 50 से 60 मरीज आंखों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
गर्मी के मौसम में तेज हवा के साथ उड़ने वाले धूल कण आंखों में पहुंचकर एलर्जी और जलन पैदा कर रहे हैं। कई लोगों में आंखों से पानी आना, चुभन महसूस होना और बार-बार आंखें मलने की समस्या सामने आ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर उपचार न मिलने पर संक्रमण बढ़ सकता है और आंखों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। धूल भरे वातावरण में लंबे समय तक रहने से आंखों की सतह पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। बच्चों, बुजुर्गों और एलर्जी से पीड़ित लोगों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है।
नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अशोक ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय धूप का चश्मा पहनना चाहिए ताकि धूल से आंखों की सुरक्षा हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि आंखों को बार-बार धोने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे प्राकृतिक नमी प्रभावित होती है। यदि आंखों में धूल चली जाए तो साफ पानी से हल्के हाथों से सफाई करनी चाहिए और आंखों को रगड़ने से बचना चाहिए।
:: आंखों में लगातार जलन, लालिमा या दर्द होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। मौसम में बढ़ती धूल को देखते हुए सावधानी और समय पर उपचार ही आंखों को सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी उपाय है।
-डॉ. राकेश कस्वां, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।