टोहाना। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की दो दिवसीय हड़ताल के चलते उपचार के लिए आए मरीजों व मेडिकल के लिए आए पुलिसकर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हड़ताल से ओपीडी के साथ ऑपरेशन व अन्य सेवाएं भी प्रभावित रही। अस्पताल में सामान्य दिनों में 450 और सोमवार को ओपीडी 550 से 600 तक रहती है।
नागरिक अस्पताल में 12 मेडिकल ऑफिसर हैं। इसके अलावा बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, मानसिक रोग विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन डॉ. ऋतु, छाती रोग विशेषज्ञ भी हड़ताल पर रहे, जबकि दंत रोग विशेषज्ञ ने ओपीडी देखी। अस्पताल में इमरजेंसी सेवाओं के चलते कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर डॉ. ममता, एनएचएम में डॉ. अंकिता ने कार्य किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा भेजना पड़ा
सोमवार को रतिया रोड पर गांव जापतेवाला के पास पराली से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर एक ऑल्टो कार सवार की मौत हो गई। उसका शव पुलिसकर्मी पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में लेकर आए, लेकिन चिकित्सकों के हड़ताल के चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
-
नहीं हो पाया मेडिकल
एएसआई राजेश कुमार सोमवार को नशे के साथ पकड़े गए आरोपी का मेडिकल करवाने के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जब वहां आरोपी का मेडिकल नहीं हो पाया तो आरोपी को वापस लेकर जाना पड़ा।
-
अस्पताल में खांसी की दवाई लेने के लिए आया था लेकिन कोई पर्ची ही नहीं काट रहा है। ऐसे में बिना उपचार लिए ही लौटना पड़ रहा है। पता चला है कि दो दिन की हड़ताल है।
- शमशेर, मरीज
अस्पताल में दवा लेने के लिए आई थी। यहां खांसी की दवा तो मिल गई है लेकिन कान दर्द की दवाई भी लेनी थी। चिकित्सकों की हड़ताल के कारण बिना दवा लिए ही लौटना पड़ रहा है।
- कलावती, मरीज
करीब तीन साल अपनी पत्नी का नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन कराया था। जहां टांके लगे थे वहां रेशा हो गया, जिससे उसे दर्द है। लेकिन चिकित्सक हड़ताल पर होने से उपचार नहीं मिल पाया।
-सतपाल, ग्रामीण म्योंद
चिकित्सकों की हड़ताल के चलते अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास रहे। इसके लिए दो चिकित्सकों की आपातकालीन विभाग में दो चिकित्सकों की नियुक्ति की गई थी। सोमवार को अस्पताल में एक शव भी आया था। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
-डॉ. कुणाल वर्मा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, टोहाना।
अस्पताल में आरोपी का मेडिकल न होने पर वापस जाते पुलिस कर्मचारी।