फतेहाबाद क्षेत्र में छाई बादलवाही के बीच से गुजरते वाहन चालक। संवाद
फतेहाबाद। जिले में सोमवार को मौसम बदलाव से सुबह बूंदाबांदी हुई और दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बाद सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक बूंदाबांदी व बारिश के आसार है।
मौसम में आए इस बदलाव से बाजार और सड़कों पर चहल-पहल लौट गई है। वहीं इसको लेकर किसानों का कहना है कि इन दिनों तापमान में वृद्धि हो रही है। यदि बारिश होती है तो खरीफ की उगी हुई फसलों में लाभ मिलेगा और बिजाई का काम पूरा होने में मद्द मिलेगी। पिछले कई दिनों से तापमान में वृद्धि दर्ज होने के कारण फसलों में बार-बार सिंचाई की आवश्यकता हो रही है।
कृषि विकास अधिकारी डॉ. बहादुर गोदारा ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के चलते किसान अगले दो से तीन दिनों बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। अगले दो- तीन दिनों तक नरमा की बिजाई का काम रोक लें अगर बिजाई करने के बाद बारिश होती है तो फसलों के फुटाव में दिक्कत हो सकती है। हालांकि, जिन किसानों ने फसलों की बिजाई का काम 10 दिन पहले तक पूरा कर लिया था उन किसानों की फसलों को बारिश से लाभ मिलने की उम्मीद है।
:: प्रदेश में मौसम 14 मई तक परिवर्तनशील रहने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ आंशिक प्रभाव से मंगलवार बुधवार के दौरान प्रदेश में बादलवाही रहने तथा बीच-बीच में हवाएं चलने के आसार हैं। इस दौरान बूंदाबांदी या हल्की बारिश की उम्मीद है।
- डॉ. मदन खिचड़ विभागाध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।