टोहाना। शहर समस्याओं से घिरा हुआ है लेकिन प्रशासन का इस तरफ ध्यान नहीं है। कई गंभीर जनसमस्याएं है जिनका जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए। शहर में अस्पताल तो है पर डॉक्टरों की कमी है, जांच सुविधा भी नहीं है। मानसून में बारिश पानी निकासी व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा जाम की समस्या प्रमुख है।
अमर उजाला की तरफ से आमजन की समस्याओं को लेकर शहर के प्रबुद्ध लोगाें के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल कार्यालय में किया गया। इस दौरान शहर की व्यापार मंडल, हलवाई एसोसिएशन, पूर्व पार्षद, बार एसोसिएशन, लक्कड़ मार्केट यूनियन, अग्रवाल सभा सहित अनेक संगठनों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में टोहाना को जिला बनाने, मेडिकल कॉलेज कार्य शुरू करने, बेसहारा पशुओं की समस्या, आवारा कुत्तों की नसबंदी, ड्रेनेज सिस्टम, कचरा उठान समस्या, अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, ट्रैफिक लाइट लगाने, नारकोटिक्स सेल बनाने, तहसील में भ्रष्टाचार सहित अनेक मुद्दों को उठाया गया।
शुरुआत करते हुए हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल प्रधान राजेंद्र ठकराल ने कहा कि पंजाब से सटा होने के चलते टोहाना में नशे का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। जिसके लिए टोहाना में नारकोटिक्स सेल बनानी चाहिए, सब्जी मंडी का ड्रेनेज सिस्टम दुरूस्त किया जाए ताकि बारिश के सीजन में पानी निकासी की समस्या न बने।
-
नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों की कमी बनी हुई है जिसे दूर करने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए। अस्पताल में कैंसर व हृदय रोग विशेषज्ञों की सेवाओं को जल्द शुरू किया जाना चाहिए ताकि आमजन को इसका प्राथमिक उपचार तो मिल सके।
-डॉ. शिव सचदेवा।
-
तहसील भ्रष्टाचार का अड्डा बनती जा रही है जहां हर कार्य के रेट तय हैं। सरकार को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाना चाहिए। सुरक्षा के लिए मुख्य रास्तों पर कैमरे लगाने चाहिए ताकि अपराधियों में कानून का भय हो सके।
-रमेश गोयल, प्रधान, अग्रवाल सभा।
-
हिसार रोड के ऊंचा उठाने से सब्जी मंडी नीची हाे चुकी। बारिश के दिनों में यहा जलभराव होगा। प्रशासन को इसका हल करना चाहिए। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के पद भरे जाएं तथा कैंसर व हृदय रोगियों के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होनी चाहिए।
-रामकुमार सैनी, पूर्व उपप्रधान, नगर परिषद टोहाना।
-
चंडीगढ़ रोड पर स्वर्ग आश्रम रोड की दुर्दशा हो चुकी है। जहां बिन बारिश के भी पानी जमा हो जाता है। दाह संस्कार के लिए लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।
कन्हैया लाल अरोड़ा, जिला प्रधान, केमिस्ट एसोसिएशन।
-
शिक्षा के मामले में क्षेत्र काफी पिछड़ा हुआ है। आईजी कॉलेज को शहर के मुख्य रोड पर नया बनाना चाहिए। इसमें नए कोर्सेज लाने चाहिए ताकि विद्यार्थियों को इनका लाभ मिले। शहर के बीचोंबीच पार्किंग समस्या बनी हुई है जिसको लेकर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
-रमेश गर्ग, व्यापारी नेता।
-
मार्केट में आने वाले लोग सड़क के बीचोंबीच अपने वाहनों को खड़ा कर देते हैं। जिस पर ट्रैफिक पुलिस को कड़ा एक्शन लेना चाहिए। इसके अलावा व्यापार मंडल द्वारा भी आमजन को जागरूक किया जाना चाहिए। जिससे बाजार में जाम की स्थिति न हो।
-कुश भार्गव, भारत विकास परिषद सदस्य।
शहर में बढ़ती बेसहारा पशुओं की समस्या आमजन के लिए काफी घातक साबित हो रही है। इस बारे में कोर्ट में भी केस चल रहा है। बेसहारा पशुओं की समस्या हल करना प्रशासन का काम है। वे इसे गोशाला पर छोड़ देते हैं जो कि पूरी तरह से गलत है।
रजनीश जैन, पूर्व प्रधान, बार एसोसिएशन।
-
राजनीतिक रूप से मजबूत टोहाना को प्रदेश सरकार को जिला बनाना चाहिए ताकि यहां बुनियादी सेवाओं में इजाफा हो सके। टोहाना में काफी जन समस्याएं हैं जिनकी तरफ प्रशासन के साथ प्रदेश सरकार को ध्यान देना चाहिए।
-पंकज मित्तल, हलवाई एसोसिएशन।
-
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने टोहाना में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक नींव पत्थर भी नहीं रखा गया। वर्तमान सीएम नायब सैनी को सबसे पहले संत रविदास के नाम से बनने वाले कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू करवाना चाहिए।
-जय भगवान उर्फ काका सैनी।
-
शहर में बढ़ते आवारा कुत्ते आमजन के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। नगर परिषद को इनकी नसबंदी करवानी चाहिए। वार्ड 19 में डोर टू डोर कचरा उठाने के लिए कुछ जगहों पर गाड़ी नहीं आती। यह वार्ड नगर परिषद प्रधान व उपप्रधान का है। उसके बाद भी यह हाल है।
यशपाल गर्ग, सेवानिवृत्त कर्मचारी।
-
युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी को दूर करने के लिए सरकार को उद्योग स्थापित किया जाना चाहिए। बेरोजगार होने से युवा नशे की तरफ अग्रसरित हो रहे हैं। जिससे अपराधों को भी बढ़ावा मिल रहा है। उद्योग होने से युवाओं को रोजगार मिलेगा।
-महावीर सैनी, आरएमपी एसोसिएशन।
-
शहर में बुलेट बाइक से पटाखे बजाने वाले युवा प्रशासन के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते ये युवा कई बार हादसे का कारण भी बन जाते हैं। ट्रैफिक पुलिस को इस बारे में कड़ा कदम उठाते हुए सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
सुरेंद्र कुमार, व्यापारी।
-
शहर में बिना नंबर प्लेट के घूमाने वाले बाइक चालकों पर शिकंजा कसना चाहिए क्योंकि ऐसे लोग किसी भी वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से भाग जाते हैं। इनमें ज्यादातर आदतन अपराधी होते हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
राज पंसारी, पूर्व प्रधान, दुर्गा कॉलेज कमेटी।