फतेहाबाद। जिले के टोहाना खंड में हिसार–लुधियाना रेल मार्ग पर स्थित गांव जमालपुर शेखां रेलवे स्टेशन के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज विभागीय तालमेल की कमी में फंसा हुआ है। लगभग दो वर्षों से अधूरे पड़े इस ओवरब्रिज के कारण क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। निर्माण में देरी का सीधा असर इस रूट से गुजरने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
जमालपुर ओवरब्रिज निर्माण की जिम्मेदारी रेलवे और लोक निर्माण विभाग के पास है। विभाग अपने हिस्से का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर चुका है, जबकि ब्रिज का दूसरा भाग, जो रेलवे की तकनीकी इकाई के अंतर्गत आता है, अब तक अधूरा पड़ा है। दोनों विभागों के बीच समन्वय न होने से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा। इस कारण इसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
अधूरे ओवरब्रिज का सबसे अधिक प्रभाव सार्वजनिक परिवहन पर दिखाई दे रहा है। बसों को भी लंबा चक्कर काटकर गुजरना पड़ता है, इससे समय और ईंधन की अतिरिक्त खपत हो रही है। कई बार गांव के भीतर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। इससे बसें देर से पहुंचती हैं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
इस कारण से स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी सुखविंद्र सिंह, अशोक कुमार, रवि कुमार, प्रवीन आदि का कहना है कि करीब दो साल से काम चल रहा है। इस कारण फतेहाबाद से टोहाना, रतिया, कुलां आदि जगहों पर जाने के लिए कई किलोमीटर लंबा चक्कर काट कर आना पड़ता है। प्रशासन को इस मामले में अधिकारियों से बात करते हुए काम को जल्द से जल्द पूरा करवाना चाहिए।
सड़कों का बुरा हाल
ओवरब्रिज न बनने के कारण भारी वाहनों (ट्रकों और ट्रॉलों) को गांव की संकरी गलियों और छोटी सड़कों से होकर गुजरना पड़ रहा है। गांव जमालपुर से टोहाना जाने के लिए जिन गांवों की सड़कों का इस्तेमाल होता है, वे भारी वाहनों के कारण खराब होना शुरू हो चुकी हैं। इस कारण गांव जमालपुर से दमकौरा, जमालपुर से रहनवाली, जमालपुर से अमानी जाने वाली गांव की मुख्य गलियां और लिंक रोड टूटना शुरू हो चुके हैं। वहीं भारी वाहनों के आवागमन से पैदल चलने वालों और स्कूली बच्चों के लिए सुरक्षा का खतरा रहता है।
गांव जमालपुर फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का लोक निर्माण विभाग का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, बाकी काम रेलवे की ओर से लंबित है। रेलवे के द्वारा काम पूरा होने के बाद बाकी बचा 10 प्रतिशत काम भी पूरा कर दिया जाएगा।
- विजय शर्मा, एसडीओ, टोहाना लोक निर्माण विभाग।
गांव जमालपुर फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण अटका। ग्रामीण