फतेहाबाद। जिले में मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण योजना का जिलास्तरीय परिणाम गणतंत्र दिवस से दो दिन पहले घोषित कर दिया गया। लंबे समय से लंबित चल रहे इस परिणाम को शनिवार देर शाम शिक्षा विभाग ने सार्वजनिक किया।
सीनियर सेकेंडरी वर्ग में खंड भूना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाढोडी को प्रथम स्थान मिला। हाई स्कूल वर्ग में खंड भट्टूकलां का राजकीय उच्च विद्यालय दैयड़ विजेता रहा। मिडिल स्कूल वर्ग में खंड फतेहाबाद का राजकीय माध्यमिक विद्यालय ढाणी ढाका पहले स्थान पर रहा, जबकि प्राइमरी वर्ग में खंड भूना का राजकीय प्राथमिक विद्यालय सांचला प्रथम घोषित हुआ।
वहीं परिणाम जारी होने से पहले कई विद्यालयों आपत्तियां सामने आई थीं, जिस कारण सूची रोकी गई थी। खींचतान और समीक्षा प्रक्रिया के बाद अंततः विभाग ने विजेता विद्यालयों नाम घोषित किए हैं। घोषित परिणाम के अनुसार जिलास्तर पर चयनित विजेता विद्यालयों को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार मिलेगा। इससे पहले खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त विद्यालयों को 50 हजार रुपये पुरस्कार राशि दी जाएगी।
शिक्षा विभाग अधिकारियों अनुसार योजना उद्देश्य विद्यालयों आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, हरियाली और शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाना है। परिणाम घोषित होने के बाद चयनित विद्यालयों में खुशी का माहौल है।
-
एडीसी की अध्यक्षता में बनी थी कमेटी
स्कूल सुंदरीकरण प्रतियोगिता के लिए जिलास्तर पर एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया था। इसमें शिक्षा विभाग, वन विभाग और महिला एवं बाल विभाग विभाग के अधिकारी शामिल रहे। खंड स्तर पर प्रथम रहे स्कूलों के अलावा पहले जिला स्तर पर चुने गए स्कूलों ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया था। कमेटी को स्कूलों में निरीक्षण के दौरान मानकों के अनुसार नंबर देने होते हैं।
-
मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण का परिणाम जारी कर दिया गया है। मानकों के हिसाब से ही समिति ने नंबर दिए हैं। विजेता स्कूलों को विभाग की तरफ से सम्मानित किया जाएगा।
-अनीता बाई, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी