गांव रामसरा में टुटी ड्रेन को पाटते ग्रामीण।संवाद
भट्टूकलां। गांव रामसरा के समीप वीरवार सुबह 7 बजे हिसार मल्टीपर्पज चैनल ड्रेन में दरार आ गई। कुछ पल में ही ड्रेन की पटरी करीब 40 फुट से भी अधिक दूरी में टूट गई। जिससे गांव रामसरा की करीब 7 सौ एकड़ फसलों में पानी भर गया। दूसरी तरफ इस टूटी ड्रेन से खेतों में बनी करीब 15 ढाणियों में भी पानी भर गया।
हालांकि ड्रेन टूटने की आशंका के चलते ढाणियों में रह रहे लोगों ने अपना सामान पहले ही घरों से निकाल लिया था और गांव में शिफ्ट हो गए थे। वहीं बचाव कार्य के दौरान मजदूर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। ड्रेन टूटने की सूचना मिलते ही किसान उसे पाटने में लग गए। वहीं ड्रेन टूटने की सूचना पर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के अनुसार गांव रामसरा में हिसार-घग्गर ड्रेन है, जिसमें बारिश का पानी डाला जाता है। इस ड्रेन से पानी ओटू हेड तक जाता है और इसकी क्षमता 500 क्यूसेक है। फिलहाल इसमें क्षमता से अधिक पानी का बहाव हो रहा है। वीरवार को यहां पर पानी के कारण ढाबी रोड पर 20 फुट का कटाव आ गया, जिससे पानी खेतों में पहुंच गया। कुछ समय में ही यह कटाव 40 फीट तक हो गया। रामसरा के किसानों को अनुसार सैकड़ों एकड़ में नरमा, ग्वार व बाजरे की फसल पानी की चपेट में आ गई।
-
एएसपी खुद पानी में उतरीं
स्थिति का जायजा लेने के लिए एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने स्थिति का निरीक्षण। उन्होंने गांव वासियों और पुलिस टीम के साथ मिलकर ड्रेन की मरम्मत में भाग लिया। वे खुद पानी में उतर गईं और स्थानीय लोगों और मनरेगा मजदूरों के साथ मिट्टी से भरे कट्टों से बांध निर्माण कार्य में जुट गईं। वहीं एसडीएम राजेश कुमार, सिंचाई विभाग एसडीओ, बीडीपीओ सुखप्रीत सिंह सहित कई अधिकारी भी मौके पर पंहुचे। दोपहर बाद करीब 3 बजे टूटी पटरी को पाटने का काम पूरा कर दिया गया। लगातार करीब 8 घंटों के अथक प्रयासों के बाद स्थिति को काबू कर लिया गया। इससे लोगों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद प्रशासन मिट्टी के बैगों से हो रहे रिसाव को रोकने के लिए पोकलेन मशीन को लगाया है ताकि कटाव पर मिट्टी डालकर पूरी तरह से रोका जा सके। हिसार घग्गर ड्रेन की दोनों तरफ की पटरियों का प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी जरूरत हो वहां पर मिट्टी आदि भरकर ठीक किया जा रहा है।
-
रामसरा में टूटी ड्रेन पाटते समय व्यक्ति की मौत
गांव रामसरा में टूटी ड्रेन पर बांध बनाने के दौरान गांव ढिंगसरा निवासी 42 वर्षीय निगेह सिंह को दिल का दौरा पड़ गया। ग्रामीणों ने तुरंत उसे एम्बुलेंस की सहायता से भट्टूकलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंहुचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। निगेह सिंह गांव रामसरा में टूटी ड्रेन पाटने के लिए प्लास्टिक के बैग लेकर गया था। जहां उसे अचानक हार्ट अटैक आया और उसकी मृत्यु हो गई।