फतेहाबाद। जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई शुक्रवार को नगर परिषद अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर एक्शन मोड में नजर आए। डीएमसी ने शुक्रवार सुबह 11 बजे नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेनी शुरू की और दोपहर दो बजे तक लगातार बैठक लेते रहे। इस दौरान नगर परिषद के ईओ राजेंद्र सोनी, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक मौजूद रहे। बैठक में दुकानों के किराये की रिकवरी संतोषजनक न होने पर संबंधित ब्रांच के कर्मचारियों को फटकार लगाई। बैठक में रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने पर भी डीएमसी ने फटकारा। हालांकि संबंधित ब्रांच के कर्मचारियों ने कहा कि पोर्टल में दिक्कत के कारण रिकॉर्ड नहीं मिला है।
शहर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर आ रही शिकायतों को लेकर भी डीएमसी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। डीएमसी ने नगर परिषद के गृहकर, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, विवाह पंजीकरण का भी रिकॉर्ड जांचा। इससे पहले जिला नगर आयुक्त ने ईओ राजेंद्र सोनी को साथ लेकर शहर में निरीक्षण किया। नगर परिषद द्वारा प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित को लेकर बनाई चार टीमों के काम का निरीक्षण किया। डीएमसी ने टीम को निर्देश दिए कि प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित का काम 15 अप्रैल तक पूरा करें। अगर कोई नहीं करवाता है तो उसे जागरूक करें। प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित को लेकर डीएमसी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि वह इस काम को गंभीरता से लें। जिले के पांच शहरों में अब तक 14 फीसदी प्रॉपर्टी आईडी ही स्वयं सत्यापित हुई है।
विकास कार्यों का भी किया निरीक्षण
डीएमसी ने ईओ को साथ लेकर गली निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया। ठाकर बस्ती में निर्माणाधीन गली को जांचा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द काम पूरा करवाएं।
सफाई कर्मचारी बोले, पार्क गोद दे रखे, फिर खुद कर रहे सफाई
जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई से सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य मिले। कर्मचारियों ने कहा कि उनके ऊपर काम का बोझ है। पार्क नगर परिषद ने संस्थाओं को गोद दे रखे हैं लेकिन बावजूद इसके कर्मचारियों को सफाई करनी पड़ रही है। नगर परिषद का एरिया बढ़ चुका है इसलिए जल्द से जल्द कर्मचारियों की भी भर्ती की जाए।
कोट
प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित को लेकर टीमों का गठन किया गया। ये टीमें घर-घर और दुकानों पर जा रही हैं। इसको लेकर लोगों से भी अपील की गई है कि प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित कर लें। पार्षद भी इसमें सहयोग कर रहे हैं।
- संजय बिश्नोई, डीएमसी