फतेहाबाद। शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए शनिवार सुबह 6 बजे जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई टीम के साथ फील्ड में निकले। डीएमसी ने सिरसा रोड पर अपनी मौजूदगी में कचरा संग्रह स्थल पर सफाई करवाई और अवैध रूप से लगे होर्डिंग उतरवाए।
इसके बाद डीएमसी ने पुरानी तहसील चौक स्थित स्वर्ण हेरिटेज पार्क का निरीक्षण किया। यहां पर निर्माणाधीन चहारदीवारी को लेकर कार्यकारी अभियंता ज्ञान प्रकाश से जानकारी ली। उन्होंने उनको कहा कि दीवार तो डबल बनाई जा रही है लेकिन इसका फायदा भी मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान डीएमसी के साथ कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सोनी, सिटी टीम लीडर कुमार सौरभ, सीएसआई सतपाल सैनी, एसआई महेश, पार्षद अर्जुन कटारिया मौजूद रहे।
डीएमसी ने पार्क में घूमने आए लोगों से सफाई को लेकर फीडबैक भी लिया। यहां पर पौधरोपण के निर्देश दिए। जिला नगर आयुक्त को पार्क में घूमने आए लोगों ने कहा कि कई बार कचरा उठान गाड़ी देरी से आती है। सड़क पर सफाई पूरी तरह से नहीं होती है। इस पर डीएमसी ने कहा कि मॉनिटरिंग के लिए टीमें बनाई गई हैं।
इन टीमों को शिकायत दे सकते हैं। इसके अलावा स्वच्छता एप और ई समाधान एप पर भी इस बारे में शिकायत दी जा सकती है।
-
पार्किग स्थल पर नहीं मिली रेट लिस्ट
नगर परिषद टीम ने थाना रोड स्थित मल्टीपर्पज पार्किंग का भी निरीक्षण किया। इस निरीक्षण दौरान टीम को वहां पर रेट लिस्ट लगी नहीं मिली। इसके अलावा वहां पर सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र लगे नहीं मिले है। छत पर भी गंदगी फैली मिली है।
-
स्वच्छता को लेकर जनता की भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 चलाया जा रहा है। अगर किसी को सफाई संबंधित या फिर स्ट्रीट लाइट की शिकायत है तो इस बारे में एप पर बता सकते हैं।
- संजय बिश्नोई, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद।