संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। दिवाली का त्योहार मनाने के बाद अब दूसरे शहरों में नौकरी और मजदूरी करने वाले लोग अपनी कर्मस्थली पर लौटने लगे हैं। परिवार के साथ त्योहार बिताने के बाद उनकी वापसी शुरू हो गई है। जिले के उद्योगों में काम करने वाले श्रमिक भी अब काम पर लौट रहे हैं।
दिवाली पर दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, हिसार सहित अन्य शहरों में रहने वाले काफी लोग अपने घर पहुंचे थे। कई दिनों तक परिवार के साथ समय बिताया और पूजा-पाठ कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। अब छुट्टियां खत्म होने के साथ ही वे वापस लौट रहे हैं।
किसी को नौकरी पर पहुंचना है तो किसी को रोजगार की जिम्मेदारियां संभालनी हैं। शहरों की ओर लौटने का सिलसिला शुरू होने से जिले में कामकाज भी धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है।
फतेहाबाद बस स्टैंड के संस्थान प्रबंधक हवा सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह से बस स्टैंड पर लंबे रूट की बसों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है। फतेहाबाद के अलावा दूसरे डिपो से आने वाली बसों में लोग आराम से यात्रा कर सकें इसके लिए वे प्रयास कर रहे हैं।
टोहाना, जाखल व भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर भी रही भीड़ : टोहाना, जाखल व भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बनी हुई है। प्लेटफार्म पर बैग और अन्य सामान के साथ ट्रेन का इंतजार करते यात्री दिखाई दे रहे हैं। कई लोग परिवार के सदस्यों को विदा करने के लिए भी स्टेशन पहुंच रहे हैं। यात्रियों की बढ़ी संख्या के चलते स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक चहल-पहल नजर आ रही है। दूसरी तरफ, क्षेत्र के ऐसे युवा और कामगार भी दूसरे शहरों की ओर जा रहे हैं जो रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
-
कोई पढ़ाई के लिए तो काम के लिए जा रहे दूसरे शहर
शहर के नए व पुराना बस स्टैंड पर दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ सहित अन्य दूसरे शहरों में पढ़ने व काम करने वाले युवा मुकुल, अमनदीप ढाका, नरेश बिश्नोई, उज्ज्वल राणा आदि ने बताया वह दिवाली पर्व मनाने के लिए घर आए थे। उन्हें करीब 5 दिनों की छुट्टी मिली थी जिसमें उन्हें परिवार के साथ त्योहार मनाया। जिसके बाद अब वह पढ़ने के लिए जा रहे है। वहीं नरेश ने बताया कि वह ओडिशा में एक निजी कंपनी में प्रबंधक के पद पर काम करता है। दिल्ली एयरपोर्ट से उनकी फ्लाइट है। मंगलवार को उन्हें काम पर लौटना है।