चरखी दादरी। समग्र शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को चयनित दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 21 विद्यार्थियों को उपकरण प्रदान किए और पढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कार्यकारी डीईओ विरेंद्र नारा का मार्गदर्शन रहा जबकि अध्यक्षता प्राचार्य सुरेश यादव ने की।
गौरतलब है कि गत दिनों विभाग की ओर से दिव्यांग विद्यार्थियों की चिकित्सा जांच करवाई गई थी। इसमें विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता और कमजोरी की पहचान की गई। चिकित्सक टीम की ओर से सभी विद्यार्थियों की जांच कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए और सहायक उपकरण भी सुझाए।
इसके बाद विभाग की ओर से अधिक समस्या वाले 21 विद्यार्थियों का चयन किया गया और विद्यार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए डिमांड भेजी गई। अब विभाग ने कंपनी से विद्यार्थियों की पैमाइश करवाकर विशेष उपकरण तैयार करवाए हैं।
वहीं, विभाग के पास पहुंचने पर सभी विद्यार्थियों को वितरित करने के लिए मंगलवार को शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थी अपने परिजनों के साथ पहुंचे और सहायक उपकरण प्राप्त किए। इस दौरान एपीसी राजेश कुमार, एपीसी बलवान सिंह, विशेष शिक्षक धर्मेंद्र और अन्य स्कूलों से विशेष शिक्षक कार्यक्रम में मौजूद रहे।
ये उपकरण किए गए वितरित
विभाग की ओर से विद्यार्थियों की आवश्यकता अनुसार सामान की सूची तैयार की गई। इसमें एक विद्यार्थी को इलेक्ट्रिक रिक्शा, पांच को कानों की मशीन, छह विद्यार्थियों को व्हीलचेयर, तीन विद्यार्थियों को सिटी चेयर, चार को रूलेटर और तीन विद्यार्थियों को क्लिपर दिए गए।
हर विद्यार्थी को उचित प्रकार शिक्षा प्रदान करना लक्ष्य
एपीसी संदीप कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से सभी बच्चों को समान रूप से शिक्षा प्रदान करना ही मूल लक्ष्य है। दिव्यांग विद्यार्थी स्वयं को अन्य से कमजोर समझते हैं और पढ़ाई से दूरी बनाते हैं, लेकिन सरकार उन्हें जरूरत अनुसार उपकरण प्रदान कर पढ़ाने में सक्षम बना रही है और पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। अब इन विद्यार्थियों को स्कूल आवागमन में परेशानी नहीं होगी और आराम से पढ़ाई कर सकेंगे।