फतेहाबाद। शहर के लाजपतनगर स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी हो गई। बाइक पर आए तीन चोरों में से दो ने घर में घुसकर चोरी की। चोर साढ़े तीन लाख की नकदी और एक तोला सोने के जेवर चोरी कर ले गए। सूचना पाकर शहर पुलिस के कर्मचारी और अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
लाजपतनगर निवासी सोनू ने बताया कि घटना के समय वह एलआईसी की किस्त जमा करने के लिए घर से बाहर गए थे। उसी दौरान तीन चोर बाइक पर सवार होकर आए। इनमें से दो मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में घुस गए जबकि तीसरा बाहर खड़ा रहा। आरोपियों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की।
पड़ोसियों ने फोन कर सोनू को घटना की सूचना दी। वह घर पहुंचे तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था और वहां रखी नकदी समेत जेवर भी गायब थे। इसलिए उसने पुलिस को सूचना दी। चोरों की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।