फतेहाबाद। हिसार मंडल की मंडलायुक्त गीता भारती ने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखाओं में चल रहे कार्यों, रिकॉर्ड के रख-रखाव, फाइलों के निपटान और कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीसी डॉ. विवेक भारती और एसडीएम राजेश कुमार उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न शाखाओं में लंबित फाइलों और मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और निर्धारित समयावधि में मामलों का निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालय रिकॉर्ड को व्यवस्थित और अपडेट रखने पर विशेष जोर दिया। मंडलायुक्त ने शाखाओं की कार्यप्रणाली तथा रिकॉर्ड प्रबंधन का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि फाइलों, रजिस्टरों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का उचित रख-रखाव किया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके। मंडलायुक्त ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।