फतेहाबाद। शहर के सुंदरीकरण को लेकर नप ने नया फैसला लिया है। हिसार-सिरसा रोड पर बने डिवाइडर को नए सिरे से बनाया जाएगा। इसको पीडब्ल्यूडी बीएंडआर नहीं बल्कि नगर परिषद खुद तैयार करवाएगा। इससे पहले नगर परिषद पीडब्यूडी बीएंडआर से एनओसी लेगा। इधर, बीएंडआर डिवाइडर बनाने की एनओसी देने के लिए तैयार है। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो हिसार-सिरसा रोड पर नया डिवाइडर वर्ष 2020 में बनकर तैयार हो जाएगा।
हिसार-सिरसा रोड पर करीब 15 साल पहले डिवाइडर बना था। जो कि अब नीचा होने के साथ-साथ लाइटों की तारें भी बाहर निकली हुई हैं। नप हाल ही में हिसार-सिरसा रोड पर करीब 50 लाख रुपये से नई एलईडी लाइट लगवा रहा है। इन लाइटों की तारों को नप अंडरग्राउंड करना चाहता है। लेकिन इसके लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की एनओसी लेनी पड़ेगी। नप ने अब फैसला लिया है कि डिवाइडर को भी खुद तैयार करेगा। ताकि अंडरग्राउंड तारें डालने के साथ-साथ इसे चौड़ा और ऊंचा भी किया जा सके।
डिवाइडर पर होंगी नई ग्रिल
नप अधिकारियों के मुताबिक पुराना डिवाइडर नीचा हो चुका है इसके साथ-साथ इसकी चौड़ाई भी कम है। नए डिवाइडर को पहले की तुलना में करीब आधा फुट ऊंचा उठाया जाएगा, इसके अलावा दोनों तरफ आधा-आधा फुट दोनों तरफ से चौड़ा किया जाएगा। इस दौरान इसमें लाइटों की तारों को भी अंडरग्राउंड बिछाया जाएगा। डिवाइडर तैयार होने के बाद इस पर नई ग्रिल लगेंगी।
अगले माह से शहर की सड़कें होंगी चकाचक
शहर के सीमेंटेड सड़कों के सुधार के लिए नप ने टेंडर फर्म को जारी कर दिया है। अगले माह से नप फर्म को वर्क ऑर्डर जारी कर देगा। शहर के मुख्य रोड पर करीब 20 साल पहले सीमेंटेड सड़कें बनी थी जो कि अब टूट चुकी हैं। नप इन्हें उखाड़कर दोबारा बनाता है तो इस पर करोड़ों रुपये खर्च होगा। इसके चलते नप ने मास्कटेक चढ़ाने का फैसला लिया है। इस पर करीब 75 लाख रुपये खर्च होगा। आरसीसी पर मास्कटेक चढ़ाई जाई जाएगी।
-------------------
शहर के डिवाइडर को नए सिरे से बनाया जाएगा। डिवाइडर को चौड़ा और ऊंचा उठाया जाएगा। इसके अलावा लाइटों की जो तारें बाहर निकल रही हैं इन्हें भी अंडरग्राउंड किया जाएगा। इसके अलावा ग्रिल भी लगाई जानी है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी से मंजूरी लेने के लिए लिखा जा रहा है। एनओसी मिलते ही डीसी से परमिशन लेकर काम शुरू कर दिया जाएगा।
- अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद फतेहाबाद।
--------
अगर नगर परिषद डिवाइडर तैयार करवाता है तो हमें कोई एतराज नहीं है, मेरे साथ इस संबंध में बात हुई थी, नप अगर एनओसी के लिए दस्तावेज भेजता है तो उन्हें एनओसी दे दी जाएगी।
- जगबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, पीडल्यूडी बीएंडआर