फतेहाबाद। सीआईए रतिया व एवीटी स्टाफ ने हेरोइन सप्लाई के आरोपी हिसार निवासी गुरमीत सिंह उर्फ गुग्गी को रिमांड खत्म होने के बाद शनिवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी को 1.060 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था।
वहीं मामले में मुख्य सप्लायर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पंजाब में पाकिस्तान के बार्डर तक जांच करके आ गई है। आरोपी गुरमीत अपने जीजा के कहने पर हेरोइन सप्लाई करने के लिए लाता था। इसके बदले में उसे 10 हजार मिलते थे।
बता दें कि एवीटी स्टाफ ने दो अगस्त को प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में धांगड़ पुल पर नाकाबंदी के दौरान गुरमीत सिंह उर्फ गुग्गी हिसार के पीरांवाली निवासी से हेरोइन बरामद की थी। आरोपी के खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, चोरी, आबकारी अधिनियम और अनैतिक व्यापार अधिनियम जैसे संगीन अपराध शामिल हैं।