राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल जल्लोपुर में स्मार्ट क्लास रूम में पढ़ाते हुए शिक्षक
रतिया। क्षेत्र में जहां अधिकतर सरकारी स्कूल बुनियादी सुविधाओं की कमी, खस्ताहाल भवनों और शिक्षकों की अनुपलब्धता से जूझ रहे हैं, वहीं गांव जल्लोपुर का राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल मिसाल बना है। वर्ष 1954 में स्थापित यह स्कूल आज आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पुरस्कारों की बदौलत अन्य सरकारी स्कूलों के लिए एक प्रेरणा बन चुका है।शहर से मात्र 7 किलोमीटर दूर सरदूलगढ़ रोड पर स्थित जल्लोपुर गांव का यह स्कूल पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा के गृह क्षेत्र में आता है। यहां पढ़ने वाले 115 विद्यार्थियों को वे तमाम सुविधाएं मिल रही हैं, जो आमतौर पर निजी स्कूलों में ही देखने को मिलती हैं। स्कूल में मुफ्त वाई-फाई, स्मार्ट लाइब्रेरी, गतिविधि कक्ष, टीएलएम रूम, सीसीटीवी कैमरे, खेल मैदान, पार्क और झूले जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके साथ ही संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से एफएलएन-4 आधारित शिक्षा प्रणाली भी अपनाई गई है।
हालांकि स्कूल में एक अध्यापक की कमी है। पांच स्वीकृत पदों में से चार पर ही शिक्षक कार्यरत हैं, फिर भी शिक्षा के स्तर में कोई कमी नहीं है। स्कूल ने 2018 में मुख्यमंत्री विद्यालय सुंदरीकरण पुरस्कार, 2019 में नवोदय क्रांति पुरस्कार और राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
-
स्कूल के कायाकल्प में पंचायत की भूमिका अहम
मुख्य शिक्षक सुपेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल की सफलता में ग्राम पंचायत और समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा है। पूर्व सरपंच अनूप गोदारा ने स्कूल की भौतिक संरचना के सुधार में काफी रुचि दिखाई। वर्तमान सरपंच मांगेराम गोदारा भी स्कूल के विकास में निरंतर सहयोग दे रहे हैं। स्कूल के अन्य शिक्षकों राज सहारण, पवन कुमार और भूषण धवन के सामूहिक प्रयासों से स्कूल हर क्षेत्र में अग्रणी है। शिक्षक सुपेंद्र सिंह का कहना है कि विद्यालय में सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
सुविधाएं जो बना रहीं मॉडल स्कूल
फ्री वाई-फाई
स्मार्ट लाइब्रेरी
गतिविधि कक्ष और टीएलएम रूम
सीसीटीवी निगरानी
खेल मैदान, पार्क और झूले
एफएलएन 4 आधारित शिक्षा प्रणाली
स्कूल की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री विद्यालय सौंदर्यकरण पुरस्कार – 2018
नवोदय क्रांति राष्ट्रीय पुरस्कार – 2019