फतेहाबाद। जिला में योग दिवस के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए एडीसी अनुराग ढालियास्त
- फोटो : 1
फतेहाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग पर आधारित कार्यक्रम जिले, उपमंडल और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। 21 जून को मुख्य कार्यक्रम स्थानीय एमएम कॉलेज में सुबह 7 बजे से शुरू होगा जबकि रतिया और टोहाना उपमंडल में ब्लॉक एवं उपमंडल स्तर पर भी योग दिवस समारोह आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद एडीसी अनुराग ढालिया ने संबंधित अधिकारियों की बैठक में जिला और ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम की रूपरेखा तय की और अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम से पहले विभिन्न प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। 8 से 10 जून तक गांवों में योग जागरण यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 11 से 13 जून तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर योग प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। 15 जून को स्थानीय पंचायत भवन से एमएम कॉलेज तक सुबह 6 बजे योग मैराथन आयोजित होगी जो लोगों को योग के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 19 जून को जागरूकता सेमिनार आयोजित किए जाएं और 20 जून को मुख्य कार्यक्रम की पायलट रिहर्सल करवाई जाए ताकि आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। बैठक में सीईओ सुरेश कुमार, डीएमसी प्रवीण कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएसपी कुलवंत सिंह, डीडीपीओ अनूप सिंह, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई, सीएमओ डॉ. बुधराम, डॉ. राजेश सरदाना और योग प्रशिक्षक अंबिका पांटा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।