जाखल। कुलां मार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज को ऊंचा उठाने का कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है। ऐसे में इस मार्ग को अस्थायी रूप से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सीमेंट बैरिकेट लगाकर मार्ग को बंद करने के कारण दोपहिया वाहन भी इस मार्ग से नहीं गुजर सकेंगे। रेलवे ने ओवरब्रिज निर्माण की अवधि छह माह निर्धारित की है।
इस ओवरब्रिज से जाखल से कुलां की दूरी करीब 20 किलोमीटर है लेकिन अब इसके बंद होने से बड़े वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से 25 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी के साथ लगभग 45 किलोमीटर यात्रा करनी पड़ेगी। जिला प्रशासन ने रूट डायवर्जन कर दिया है। नई व्यवस्था के अनुसार छोटे वाहन जाखल से कुलां, भूना और फतेहाबाद की ओर नवनिर्मित रेलवे अंडरपास से डायवर्ट किए जाएंगे।
अंडरपास की ऊंचाई कम होने के कारण बड़े वाहन, ट्रक और बसों के लिए यह विकल्प उपलब्ध नहीं है। इसके कारण भारी वाहनों को कुलां, भूना और जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा। ओवरब्रिज निर्माण के दौरान प्रशासन द्वारा बनाए गए वैकल्पिक मार्गों के मुताबिक बड़े वाहन जाखल से वाया मूनक, टोहाना होते हुए कुलां पहुंचेंगे। इससे दूरी और समय दोनों बढ़ेंगे और यात्रियों और वाहन चालकों को कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
शुक्रवार सुबह जब मार्ग बंद किया गया उस समय चंडीगढ़-पटियाला की तरफ से आ रहे बड़े वाहन वापसी की ओर मुड़ते हुए दिखे। प्रशासन ने वाहन चालकों को मार्ग परिवर्तन और वैकल्पिक रास्तों के संकेत देने के लिए संकेत बोर्ड और यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। ओवरब्रिज ऊंचा करने का यह कार्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुरक्षित बनाने और बड़े वाहन संचालन को सुगम बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
-
रूट डायवर्जन के लिए लगाए संकेतक
अधिकारियों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को रास्तों को लेकर किसी प्रकार का भ्रम या परेशानी न हो इसके लिए रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा संबंधित मार्गों पर जगह-जगह होर्डिंग और संकेतक लगाकर रूट डायवर्जन की जानकारी दी जा रही है। जाखल व कुलां मार्ग पर पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
-
:: जमालपुर शेखां रेलवे ओवरब्रिज का अधूरा निर्माण भी बनेगा यातायात में बाधा
जाखल की तरफ से कुलां, भूना व फतेहाबाद जाने के लिए रेलवे ओवरब्रिज का रास्ता ही प्रमुख मार्ग है। ऐसे में इसके निर्माण से इस मार्ग से वाहन चालकों का आवागमन करने में असुविधा का सामना करना पड़ेगा। भारी वाहनों के फतेहाबाद की ओर जाने के लिए जाखल से वाया मूनक व टोहाना होकर कुलां से अपने गंतव्य की ओर पहुंचना पड़ेगा। इसमें सबसे अधिक परेशानी ये है कि कुलां टोहाना मार्ग पर जमालपुर शेखां रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण चलने से वाहन चालकों को गांवों के रास्ते ही कुलां पहुंचना पड़ेगा।
-
आज से जाखल पुलिस थाने के पास से चलेंगी फतेहाबाद की ओर जाने वाली बसें
रेलवे ओवरब्रिज का रास्ता बंद होने जाखल से फतेहाबाद की ओर आवाजाही करने वाली बसों के स्थान में बदलाव किया गया है। जाखल से वाया कुलां, भूना होकर फतेहाबाद जाने व इसी रूट से वापिस आने वाली सभी बसें शनिवार से बस स्टैंड की जगह जाखल पुलिस थाना के पास खड़ी होंगी।
-
यातायात डायवर्ट करने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के जवानों की तैनाती कर दी गई है।
- सुरेश कुमार, जाखल थाना प्रभारी।
जाखल। सीमेंट के बैरिकेट लगाकर बंद किया गया रास्ता। संवाद- फोटो : 1