फतेहाबाद में मेडिकल के दौरान एक्सरे करवाने के लिए सीएचओ की लगी भीड़।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। अब गांवों में ही मरीजों को प्राथमिक उपचार मिल पाएगा। लंबे इंतजार के बाद जिले को 90 सीएचओ यानी सामुदायिक हेल्थ ऑफिसर मिल गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिले को 90 सीएचओ अलॉट किए हैं। हालांकि जिले में 100 सीएचओ मांगे गए थे। सोमवार को सीएचओ मेडिकल करवाने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे। इसके चलते नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाने के लिए सीएचओ की मारामारी रही।
शाम तक नागरिक अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय में सीएचओ के मेडिकल की प्रक्रिया चलती रही। हालांकि अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने सीएचओ हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर अलॉट नहीं किए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को छह माह की ट्रेनिंग पर भेजा जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन्हें सेंटर अलॉट होंगे। बता दें कि जो सीएचओ अलॉट हुए हैं उनमें से अधिकतर युवा है।
सब सेंटर किए गए हैं हेल्थ वेलनेस सेंटर में अपग्रेड
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांवों में 131 सब सेंटर चल रहे है। विभाग ने पिछले दिनों 131 में से 100 सब सेंटरों को अपग्रेड करके हेल्थ वेलनेस सेंटर में बदल दिया था। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश स्तर पर ही सीएचओ की भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। जिले को 90 सीएचओ अब विभाग ने अलॉट किए हैं। हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर सीएचओ साधारण बीमारियों की ओपीडी देख पाएंगे। इसके अलावा आयुष, योग एवं काउंसिलिंग भी दे पाएंगे। हेल्थ वेलनेस सेंटर पर 30 तरह के टेस्ट की भी सुविधा होगी। यानि गांवों में ही मरीजों को प्राथमिक उपचार मिल पाएगा।
कोट
जिले को 90 सीएचओ मिले हैं, मेडिकल की प्रक्रिया चल रही है। गांवों में मरीजों को फायदा होगा और उन्हें उपचार मिल पाएगा। सीएचओ को छह माह की ट्रेनिंग पर भेजा जाएगा। इसके बाद सेंटर अलॉट होंगे।
-डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन फतेहाबाद