फतेहाबाद। भूना रोड पर स्थित ऑटो मार्केट यूनियन का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। यूनियन के निवर्तमान प्रधान हरपाल सिंह ढाका ने शुक्रवार को सम्मेलन कर प्रधान बने रहने का दावा किया। ऑटो मार्केट में मंच सजाकर लोगों के बीच उन्हें फिर से पगड़ी पहनाकर प्रधान बनाने की घोषणा की गई।
दूसरी तरफ प्रधान बलविंद्र उर्फ बल्ली और उनकी कार्यकारिणी को स्वघोषित करार दिया गया। उल्लेखनीय कि 16 सितंबर को प्रधान हरपाल ढाका की गैरमौजूदगी में ऑटो मार्केट यूनियन का नया प्रधान बलविंद्र सिंह बल्ली को बना दिया गया था। इसके अगले ही दिन हरपाल ढाका गुट ने मार्केट में दुकानदारों को इकट्ठा करके बलविंद्र के प्रधान बनने के तरीके को गलत करार था।
वीरवार को शहर के एक होटल में बलविंद्र उर्फ बल्ली ने अपनी कार्यकारिणी गठित की। इसके बाद शुक्रवार को एक बार फिर पुराने प्रधान हरपाल ढाका को ही कमान सौंप दी गई। प्रधान ने अपनी पुरानी कार्यकारिणी को ही साथ जोड़ा है। ऑटो मार्केट में आयोजित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने भी पुलिस बल तैनात किया हुआ था।
भाजपा नेताओं की भी दिखी गुटबाजी
ऑटो मार्केट के चल रहे विवाद के बीच खास बात यह नजर आ रही है कि भाजपा नेता भी दोनों गुटों में बंटे हुए नजर आ रहे हैं। बीते दिनों बलविंद्र उर्फ बल्ली की ओर से 17 सितंबर को ऑटो मार्केट में चलाए गए लंगर पर हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के चेयरमैन बलदेव ग्रोहा व भाजपा पदाधिकारी जगदीश शर्मा आदि ने शिरकत की थी तो शुक्रवार को हरपाल ढाका गुट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण के चेयरमैन राजपाल बेनीवाल व भाजपा जिला उपाध्यक्ष भीम लांबा ने भाग लिया। उन्होंने हरपाल ढाका को प्रधान बनने पर पगड़ी भी पहनाई।
मैं प्रधानगी देने को तैयार था पर मेरी पीठ पीछे किया काम
प्रधान बनने के बाद हरपाल सिंह ढाका ने अपने संबोधन में कहा कि वे चार साल से निस्वार्थ भाव से ऑटो मार्केट की सेवा करते आ रहे हैं। अब उनके भाई का निधन होने से घर में शोक का माहौल था। इसी दौरान पीछे से उन्हें पद से हटाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यदि भाईचारे में उनसे पद छोड़ने के लिए कहा जाता तो वे पीछे हट जाते। हरपाल ढाका ने आरोप लगाया कि मार्केट में कुछ ऐसे लोग हैं जिनके गलत कामों में उन्होंने साथ नहीं दिया। इसी वजह से उन्हें पद से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर ऑटो मार्केट के दुकानदार और मिस्त्री उनके कार्यक्रम में पहुंचे और उनकी प्रधानगी पर आस्था जताई है। उन्होंने कहा कि ऑटो मार्केट के दुकानदारों के भाईचारे को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी कार्यकारिणी में पुराने पदाधिकारी और सदस्य ही रहेंगे। प्रधान बनने के बाद हरपाल ढाका ने पूरी ऑटो मार्केट में रोड शो निकाला। इसके बाद वे पूर्व विधायक दुड़ाराम के कार्यालय पहुंचे।
फतेहाबाद। शहर की ऑटो मार्केट में तैनात पुलिस बल। संवाद
फतेहाबाद। शहर की ऑटो मार्केट में तैनात पुलिस बल। संवाद