मांगों को लेकर लघुसचिवालय में ज्ञापन सौंपने पहुंचे नागरिक अधिकार मंच के सदस्य स्त्रोत संघ
फतेहाबाद। शहर की बुनियादी सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाते हुए नागरिक अधिकार मंच ने जिला प्रशासन को 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। मंच के प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को संयोजक राजीव सेतिया की अगुवाई में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती से मुलाकात कर विभिन्न जनहित मुद्दों पर चर्चा की।
मांगपत्र में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर की प्रमुख सड़कों के किनारे व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। साथ ही करीब आठ वर्षों से लंबित फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी पर साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की आवश्यकता बताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार पर भी बल दिया।
इसके साथ ही जिला पुस्तकालय स्थापित करने के लिए पंचायत भवन में हॉल उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। इसके अलावा पुराने एसडीएम निवास की भूमि पर बच्चों और युवाओं के लिए खेल परिसर विकसित करने का सुझाव दिया गया, जिससे बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।मांगपत्र में नए बस स्टैंड की पार्किंग नि:शुल्क करने, भूना रोड पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें चालू कराने तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी शामिल किए गए।
मंच के सदस्यों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। बैठक के बाद राजीव सेतिया ने बताया कि उपायुक्त ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द इन मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाएगा। प्रतिनिधिमंडल में पार्षद मोहन लाल नारंग, सुशील बिश्नोई, दुष्यंत शर्मा, देवीलाल एडवोकेट, जसवीर सिंह भ्याना, मास्टर राजपाल, संदीप महिया, पृथ्वी सिंह बाना, राजकुमार बिसला, बेग राज और विनोद कक्कड़ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।